राष्ट्रपति को राखी बांध बलरामपुर की बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान : तुलसीपुर क्षेत्र की छात्राओं को मिला विशेष अवसर
देश की प्रथम नागरिक को बांधा रक्षा सूत्र
बलरामपुर, अमृत विचार : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बलरामपुर की बेटियों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर देश की प्रथम नागरिक को राखी बांधकर जिले का गौरव बढ़ाया। तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के दो विद्यालयों की छात्राओं को राष्ट्रपति से मुलाकात कर रक्षा सूत्र बांधने का विशेष अवसर मिला। राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में आदि शक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल और ब्रह्मानंद अवस्थी इंटर कॉलेज, मथुरा बाजार की छात्राएं शामिल हुईं।
राष्ट्रपति को राखी बांधना बताया जीवन का यादगार पल
राष्ट्रपति को अपने हाथों से राखी बांधने का अवसर पाकर छात्राएं बेहद उत्साहित नजर आईं। उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। छात्राओं ने कहा कि देश की प्रथम नागरिक के समक्ष रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर रक्षा सूत्र बांधना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। इस मुलाकात ने उन्हें देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा दी।
डॉ. विशाल मिश्रा के प्रयासों से मिला अवसर
छात्राओं को यह विशेष अवसर भाजपा नेता, टीवी पैनलिस्ट एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. विशाल मिश्रा के प्रयासों से मिला। कार्यक्रम में शामिल छात्राओं और विद्यालय परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार का कहना है कि जिले की बेटियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी संस्कृति और प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है।
बेटियों के लिए प्रेरणादायक अवसर
विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में पहुंचकर देश की प्रथम नागरिक को राखी बांधना छात्राओं के साथ-साथ पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। ऐसे अवसर ग्रामीण और छोटे शहरों की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देते हैं। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि डॉ. विशाल मिश्रा भविष्य में भी बलरामपुर की बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए इसी तरह प्रयास करते रहेंगे।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
राष्ट्रपति से मुलाकात और उन्हें राखी बांधने की जानकारी क्षेत्र में पहुंचते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने छात्राओं को बधाई दी। लोगों ने कहा कि बलरामपुर की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, संस्कार और संस्कृति का परिचय राष्ट्रीय स्तर पर कराकर जिले का नाम रोशन किया है।
यह भी पढ़ें : काल बनकर आया रक्षाबंधन: बहनोई के डिब्बे वाले सांप ने भाई को डसा, मातम में बदलीं खुशियां
