जंतर-मंतर मारपीट कांड फिर गरमाया, निशु आजाद के पिता के लिए न्याय मांगने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे सीजेपी नेता
सीजेपी ने की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग
जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार से कथित मारपीट का मामला फिर चर्चा में है। वायरल पॉडकास्ट क्लिप का हवाला देते हुए सीजेपी नेताओं ने संसद मार्ग थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ हुई कथित मारपीट का मामला एक बार फिर गरमा गया है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को सीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन किया। सीजेपी नेता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, निशु आजाद के साथ नई दिल्ली स्थित पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद फिर उठा मामला
सीजेपी नेताओं का कहना है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी। पार्टी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस से लगातार कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है।
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में गंभीर अपराधों में शामिल लोगों की पहचान किए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
‘आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाए’
सौरव दास ने कहा कि सीजेपी शुरुआत से ही छात्रों और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मांग की कि जंतर-मंतर पर हुई घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और पुलिस से मामले में जवाब देने की मांग की। वहीं, सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय आजाद के सिर पर हमला किया गया था। उनका दावा है कि घटना के बाद से ही पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पॉडकास्ट क्लिप में व्यक्ति ने किया दावा
सीजेपी नेताओं के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर दावा किया है कि संजय आजाद के सिर पर वार उसी ने किया था। क्लिप में उसके द्वारा राजनीतिक प्रभाव के चलते अपने खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने की बात कहे जाने का भी दावा किया जा रहा है।हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सीजेपी ने इसी क्लिप का हवाला देते हुए पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
‘हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं लगें’
आशुतोष रांका ने कहा कि पार्टी की मांग है कि जिन लोगों ने घटना में अपनी कथित भूमिका स्वीकार की है, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। इसी मांग को लेकर सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य कार्यकर्ता पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे। इस दौरान निशु आजाद भी मौजूद रहीं। सीजेपी नेताओं ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
