देशभर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम : मथुरा-द्वारका में मंगला आरती, ब्रज में 75 लाख श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान, यहां दी जाएगी 21 तोपों की सलामी

Amrit Vichar Network
On

देशभर में भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा-वृंदावन में 75 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। नाथद्वारा में 352 साल पुरानी परंपरा के तहत 21 तोपों की सलामी दी गई, जबकि जगन्नाथ पुरी में विशेष धार्मिक अनुष्ठान होगा।

डिजिटल डेस्क, अमृत विचार। देशभर में आज आस्था, भक्ति और उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। मथुरा की पावन जन्मभूमि से लेकर गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर, दिल्ली के इस्कॉन और बिड़ला मंदिर तथा जयपुर के गोविंद देव जी मंदिर तक सुबह मंगला आरती के साथ जन्माष्टमी उत्सव की शुरुआत हुई। कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जन्माष्टमी के अवसर पर देश के प्रमुख कृष्ण मंदिरों को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रात में निशीथ काल के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान पंचामृत अभिषेक, विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन होगा।

ब्रज में 75 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा-वृंदावन में जन्माष्टमी को लेकर गुरुवार रात से ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। प्रशासन के मुताबिक पूरे ब्रज मंडल में करीब 75 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

काशी विश्वनाथ से श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचा नजराना

वर्ष 2024 में शुरू हुई परंपरा के तहत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से विशेष टोली मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंची। टोली ने लड्डू गोपाल के लिए पारंपरिक उपहार और पूजन सामग्री भेंट की। इस धार्मिक परंपरा को काशी और मथुरा के आध्यात्मिक संबंधों की अनूठी कड़ी के रूप में देखा जाता है।

जगन्नाथ पुरी में निभाई जाएगी अनूठी धार्मिक परंपरा

ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। गुप्त रस्म के लिए मुख्य मंदिर के कपाट करीब पांच घंटे तक आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान भगवान जगन्नाथ के माध्यम से माता यशोदा के वात्सल्य स्वरूप में श्रीकृष्ण के जन्म की प्रतीकात्मक धार्मिक रस्म संपन्न की जाएगी। इस अनूठी परंपरा को देखने और इसके धार्मिक महत्व को अनुभव करने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह है।

नाथद्वारा में 352 साल पुरानी परंपरा, 21 तोपों की सलामी

राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा स्थित प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में जन्माष्टमी का उत्सव अपनी अलग पहचान रखता है। यहां भगवान श्रीनाथजी को 21 तोपों की शाही सलामी दी गई। नाथद्वारा में ठाकुरजी के जन्मोत्सव के मौके पर तोपों की सलामी देने की यह परंपरा करीब 352 वर्षों से चली आ रही है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

उधमपुर में निकली भव्य शोभायात्रा

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सनातन सभा के तत्वावधान में जन्माष्टमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप में सजे सैकड़ों बच्चों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। स्थानीय संगठनों की ओर से तैयार की गई हस्तनिर्मित झांकियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

सतरंगी रोशनी से जगमगाए कृष्ण मंदिर

जन्माष्टमी के अवसर पर दिल्ली के ऐतिहासिक बिड़ला मंदिर और इस्कॉन मंदिर, गुजरात के देवभूमि द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर और बिहार की राजधानी पटना के इस्कॉन मंदिर को फूलों और सतरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। रात में निशीथ काल के दौरान मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव चरम पर पहुंचेगा। इस दौरान पंचामृत अभिषेक और महाआरती के साथ भक्त कान्हा के जन्म की खुशी मनाएंगे।

देशभर में कृष्ण भक्ति का उल्लास

जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों के साथ-साथ घरों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। जगह-जगह भजन-कीर्तन, झांकियों और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। मध्यरात्रि में कान्हा के जन्म के साथ ही ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से मंदिर और आसपास के इलाके गूंज उठेंगे।

यह भी पढ़ेंः Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर बन रहा खास संयोग, जानें कब होगा कान्हा का जन्मोत्सव और पूजा का शुभ मुहूर्त

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Amethi News: अमेठी में मुसाफिरखाना समेत छह तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र बदले, डीएम ने जारी किया आदेश
Krishna Janmashtami 2026 : कृष्ण भक्ति में डूबा यूपी, मथुरा से लखनऊ-कानपुर तक मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Krishna Janmashtami 2026 : कान्हा के जन्मोत्सव में डूबा देश, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; PM मोदी ने दी शुभकामनाएं
देशभर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम : मथुरा-द्वारका में मंगला आरती, ब्रज में 75 लाख श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान, यहां दी जाएगी 21 तोपों की सलामी
कानपुर में तेज रफ्तार डंपर का कहर, रेस्टोरेंट और आटा चक्की में जा घुसा; नीम के पेड़ ने बचाई सो रहे दुकानदार की जान