सुल्तानपुर में सड़क किनारे पन्नी के नीचे जी रहा था शख्स, एसपी ने दिखाई संवेदना; नहलाकर नए कपड़े पहनाए, मेडिकल कॉलेज में शुरू हुआ इलाज
पुलिस और समाजसेवियों की मदद से नहलाकर पहनाए गए नए कपड़े
सुलतानपुर में वर्ष 2019 से सड़क किनारे बदहाल जिंदगी जी रहे मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की एसपी विनीत जायसवाल ने सुध ली। पुलिस और समाजसेवियों ने उसे नहलाकर नए कपड़े पहनाए और मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर इलाज शुरू कराया। मनोचिकित्सक की जांच के बाद उसे वाराणसी भेजने की तैयारी है।
सुलतानपुर, अमृत विचार। सड़क किनारे पन्नी के नीचे बदहाल जिंदगी जी रहे मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की आखिरकार पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और समाजसेवियों ने सुध ली। वर्ष 2019 से पीडब्ल्यूडी कार्यालय से सिंचाई विभाग कॉलोनी के आसपास घूम रहे व्यक्ति को गुरुवार को नहलाकर नए कपड़े पहनाए गए।
इसके बाद ई-रिक्शे से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर उसका इलाज शुरू कराया गया। अब मनोचिकित्सक से जांच के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी भेजने की तैयारी है। बताया गया कि राहगीरों की ओर से दिए गए भोजन के सहारे उसका जीवन चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से बारिश के बीच वह सड़क किनारे पन्नी डालकर रहने को मजबूर था। जानकारी एसपी विनीत जायसवाल को हुई तो उन्होंने सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह को मदद के निर्देश दिए।
एसपी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर ली जानकारी
गुरुवार को सीताकुंड चौकी प्रभारी ने वरिष्ठ समाजसेवी करतार केशव यादव से संपर्क किया। उनके प्रयास से आजाद समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह मौके पर पहुंचे। पहले नाई बुलाकर उसके बाल कटवाए गए। नगर पालिका के दो सफाईकर्मियों की मदद से उसे नहलाया गया और शरीर पर तेल लगाया गया। चौकी प्रभारी ने नए कपड़े मंगवाए, जिन्हें पहनाकर उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बताया गया कि उसका एक पैर भी खराब है।
मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसपी विनीत जायसवाल ने चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सीएमओ और सीएमएस से बातचीत कर मनोचिकित्सक से जांच कराई जाएगी। इसके बाद वाराणसी में उसके इलाज, रहने और भोजन की व्यवस्था कराई जाएगी। समाजसेवी अशोक सिंह ने बताया कि संस्था पहले भी उसकी मदद कर चुकी है।
यह भी पढ़ें:- जन्माष्टमी पर सीएम योगी का बड़ा संदेश, बोले- भारत की एकता और आस्था को नुकसान पहुंचाने वालों को भुगतना होगा परिणाम
