बाराबंकी के अस्पताल में AC कमरा न मिलने पर बवाल, सास-ननद और ससुर से जमकर मारपीट, VIDEO वायरल

Amrit Vichar Network
On

AC कमरे को लेकर मायके और ससुराल पक्ष में विवाद के बाद मारपीट का आरोप है

बाराबंकी के श्री मेडिकल सेंटर एंड हार्ट क्लीनिक में AC कमरे को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद के बाद मारपीट का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ससुराल पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी शहर के श्री मेडिकल सेंटर एंड हार्ट क्लीनिक में बहू का ऑपरेशन कराने पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मायके पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

जानें क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि बहू के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में कमरा बुक कराया गया था। आरोप है कि AC कमरा न लेने को लेकर मायके पक्ष के लोग नाराज हो गए और इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान बहू के ससुराल पक्ष की सास, ननद और ससुर के साथ मारपीट की गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद आवास विकास कॉलोनी निवासी राम कुमार, जो ससुराल पक्ष से बताए जा रहे हैं, ने कोतवाली नगर पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। राम कुमार की शिकायत के मुताबिक, अस्पताल में AC कमरे को लेकर विवाद के बाद उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।

मामले के जांच में जुटी पुलिस

पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट की असली वजह और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल अस्पताल में AC कमरा न मिलने को लेकर शुरू हुए विवाद और उसके बाद हुई कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News : बाराबंकी के मान्या और कृष्णा ने बढ़ाया जिले का मान, इंस्पायर अवार्ड की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज