Uttarakhand News : CM धामी का जन्माष्टमी तोहफा, 9.91 लाख पेंशन लाभार्थियों के खातों में भेजे ₹147 करोड़
40 करोड़ रुपये से ज्यादा राज्यांश, करीब 7 करोड़ केंद्रांश
जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने 9.91 लाख पेंशन लाभार्थियों को 147 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वन-क्लिक के माध्यम से पेंशन भुगतान किया। अगस्त में 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी मंजूर की गई है।
देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के लाखों पेंशन लाभार्थियों को बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने शिविर कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किश्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में कुल 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। इसके साथ ही अगस्त महीने में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई।
कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। साथ ही पेंशन व्यवस्था को और अधिक लाभार्थी केंद्रित बनाने पर जोर दिया।
आधार नहीं बन पाने वालों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए। ऐसे लाभार्थियों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार से जुड़ी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त माह में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
140 करोड़ रुपये से ज्यादा राज्यांश, करीब 7 करोड़ केंद्रांश
कुल पेंशन लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत और 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर पर आच्छादित हैं। अगस्त माह के पेंशन भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।
5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन मंजूर
अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 5,605 नई पेंशन स्वीकृत की गईं। इनमें:
- वृद्धावस्था पेंशन के 3,945 लाभार्थी
- विधवा पेंशन के 1,000 लाभार्थी
- दिव्यांग पेंशन के 416 लाभार्थी
- किसान पेंशन के 106 लाभार्थी
- परित्यक्ता पेंशन के 23 लाभार्थी
- भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।
सितंबर में दिल्ली में होगा राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, जनपथ, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। सम्मेलन में सामाजिक न्याय और अधिकारिता से जुड़ी प्रमुख प्राथमिकताओं को लेकर केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद किया जाएगा। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-Krishna Janmashtami 2026 : कृष्ण भक्ति में डूबा यूपी, मथुरा से लखनऊ-कानपुर तक मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
