Tata Realty : गौरव जैन होंगे टाटा रियल्टी के नए MD-CEO, 1 अक्टूबर से संभालेंगे पद; संजय दत्त की लेंगे जगह
23 साल से ज्यादा का रियल एस्टेट अनुभव रखने वाले गौरव जैन बिड़ला एस्टेट्स
टाटा रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने गौरव जैन को नया एमडी एवं सीईओ नियुक्त किया है। वह एक अक्टूबर से पद संभालेंगे और अप्रैल 2018 से कंपनी का नेतृत्व कर रहे संजय दत्त की जगह लेंगे। जैन को रियल एस्टेट क्षेत्र में 23 साल से अधिक का अनुभव है।
नई दिल्ली। टाटा समूह की रियल एस्टेट कंपनी टाटा रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (TRIL) ने गौरव जैन को अपना नया प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। गौरव जैन एक अक्टूबर से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। गौरव जैन मौजूदा एमडी एवं सीईओ संजय दत्त का स्थान लेंगे। संजय दत्त अप्रैल 2018 से टाटा रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की कमान संभाल रहे थे।
रियल एस्टेट सेक्टर में 23 साल से ज्यादा का अनुभव
गौरव जैन को रियल एस्टेट क्षेत्र में 23 साल से अधिक का अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान वह बिड़ला एस्टेट्स, गोदरेज प्रॉपर्टीज, महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स लिमिटेड और यूनिटेक समूह जैसी प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में काम कर चुके हैं। कंपनी के मुताबिक जैन को आवासीय और वाणिज्यिक, दोनों तरह के रियल एस्टेट कारोबार का व्यापक अनुभव है। उन्होंने विभिन्न बाजारों में कारोबार खड़ा करने और उसका विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कारोबार विस्तार पर टाटा रियल्टी का फोकस
टीआरआईएल के चेयरमैन प्रवीर सिन्हा ने गौरव जैन की नियुक्ति पर कहा कि उन्हें आवासीय और वाणिज्यिक रियल एस्टेट दोनों क्षेत्रों की व्यापक समझ है। कारोबार खड़ा करने और उसे विस्तार देने का उनका रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है। उन्होंने कहा कि टाटा रियल्टी अपने कारोबार के विस्तार, पोर्टफोलियो को मजबूत करने और अधिक संभावनाओं वाले बाजारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। गौरव जैन का अनुभव कंपनी की इन प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
टाटा संस की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है TRIL
टाटा रियल्टी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है। कंपनी रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में कारोबार करती है। गौरव जैन के नेतृत्व में कंपनी के कारोबार विस्तार और पोर्टफोलियो को और मजबूत करने पर नजर रहेगी।
