Share Market : चार दिन की गिरावट के बाद संभला बाजार, सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा; निफ्टी 23,898 के पार बंद
विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली, घरेलू संस्थागत निवेशक खरीदार
वैश्विक बाजारों में मजबूती और धातु, निजी बैंक तथा तेल-गैस शेयरों में खरीदारी से भारतीय शेयर बाजार चार दिन की गिरावट के बाद शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी मामूली बढ़त के साथ 23,897.70 पर बंद हुआ।
मुंबई, अमृत विचार। वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच धातु, निजी बैंक और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को लगातार चार कारोबारी सत्रों की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। सेंसेक्स 362.57 अंक चढ़कर 76,515.43 अंक पर, जबकि निफ्टी 24.25 अंक की मामूली बढ़त के साथ 23,897.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स 730 अंक तक चढ़ा, निफ्टी भी 24,000 के पार पहुंचा
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 730.28 अंक उछलकर 76,883.14 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते इसकी बढ़त कुछ कम हो गई। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 20 लाभ में और 10 गिरावट के साथ बंद हुए। एनएसई का निफ्टी भी कारोबार के दौरान 132 अंक तक बढ़कर 24,005.75 अंक के स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, समापन नीलामी सत्र (सीएएस) में इसकी बढ़त सीमित हो गई और यह 23,897.70 अंक पर बंद हुआ।
टाटा स्टील और रिलायंस समेत इन शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के प्रमुख लाभ वाले शेयरों में टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल रहे। वहीं, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में गिरावट रही।
फेड की ब्याज दर को लेकर बाजार को राहत
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तत्काल ब्याज दर बढ़ाने की आशंका कम होने से भारतीय शेयर बाजार को राहत मिली और बाजार में तेजी लौटी। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण बाजार की बढ़त सीमित रही।
उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार में शेयर और क्षेत्र आधारित खरीदारी का रुख बना हुआ है। छोटी कंपनियों के शेयरों का सूचकांक भी कारोबार के दौरान अपने अब तक के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। मजबूत आय वृद्धि, अर्थव्यवस्था की मजबूती और घरेलू मांग के कारण व्यापक बाजार में निवेशकों का भरोसा कायम है।
एशियाई बाजारों में भी रही तेजी
एशिया के प्रमुख बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग 1.74 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 1.64 प्रतिशत और जापान का निक्की 1.28 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। इसके विपरीत चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.30 प्रतिशत गिर गया। यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार ज्यादातर स्थिर रहा। इससे पहले अमेरिकी बाजार भी बृहस्पतिवार को एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।
ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल के नीचे
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत गिरकर 95.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है।
विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली, घरेलू संस्थागत निवेशक खरीदार
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,345.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 4,977.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इससे पहले बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 417.49 अंक गिरकर 76,152.86 अंक और निफ्टी 41 अंक टूटकर 23,873.45 अंक पर बंद हुआ था। दोनों सूचकांकों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई थी।
