सुलतानपुर : DM ने किया बिरसिंहपुर अस्पताल का औचक निरीक्षण, बोले डॉक्टरों की कमी दूर करने को कराया जा रहा गैप एनालिसिस

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

सुलतानपुर, अमृत विचार : ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने शनिवार शाम करीब तीन बजे शौ शैय्या वाले बिरसिंहपुर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही इसे पूरी क्षमता से संचालित करने के लिए जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ विनय कुमार सिंह, सीएमओ डा भरत भूषण मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला मुख्यालय से काफी दूर स्थित बिरसिंहपुर का शौ शैय्या अस्पताल अखंडनगर, दोस्तपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। अस्पताल पूरी क्षमता से संचालित होने पर क्षेत्र के लोगों को प्रसव, उपचार और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज की लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। अस्पताल में चिकित्सकों की कमी और रात में इमरजेंसी सेवा प्रभावित होने के सवाल पर डीएम ने बताया कि अस्पताल का गैप एनालिसिस कराया जा रहा है। 

इसके आधार पर मैनपावर की कमी को दूर करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आवश्यक चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर प्रशासन का विशेष जोर है। डीएम ने बताया कि जिले में मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) कम करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। मातृ मृत्यु से जुड़े मामलों की निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए वार रूम बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य सचिव और राज्य सरकार के स्तर पर लखनऊ में लगातार समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिरसिंहपुर अस्पताल में बुनियादी ढांचे की कमी नहीं है। मैनपावर समेत जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। अस्पताल को पूरे उप-जिला अस्पताल के रूप में संचालित करने की तैयारी है। आने वाले दिनों में इसकी स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव दिखाई देगा और आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

संबंधित समाचार