Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मारा गया लश्कर कमांडर, पाकिस्तानी नागरिक था यासिर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सेना ने चलाया था अभियान अशदार

‘अभियान अशदार’ में सुरक्षा बलों ने मारा था आतंकी, एके-सीरीज राइफल समेत युद्ध सामग्री बरामद; 15 हजार फीट की ऊंचाई पर चला ऑपरेशन

श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को मुठभेड़ के दौरान मारे गए आतंकवादी की पहचान यासिर के रूप में हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को बताया कि यासिर लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा पाकिस्तानी नागरिक था।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उसकी पहचान की जानकारी साझा की। पोस्ट में कहा गया, “आप भाग तो सकते हैं लेकिन छिप नहीं सकते!” पुलिस के अनुसार, ‘अभियान अशदार’ के दौरान मारे गए आतंकवादी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी नागरिक यासिर के तौर पर हुई है।

खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ था अभियान

सुरक्षा बलों के मुताबिक, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया था। इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर मिली खास खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुवार शाम अभियान शुरू किया गया।

सेना ने बडगाम में चलाए गए इस ऑपरेशन को ‘अभियान अशदार’ नाम दिया था।

सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने शुक्रवार को बताया था कि तलाश अभियान के दौरान जवानों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई तो आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

15 हजार फीट की ऊंचाई पर चला ऑपरेशन

सेना के अनुसार, मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। घटनास्थल से एके-सीरीज की राइफल और युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।

यह अभियान बडगाम-पुंछ सीमा के पास करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर घने जंगल वाले इलाके में चलाया गया। ऊबड़-खाबड़ जमीन और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सुरक्षा बलों को अभियान के दौरान चुनौतीपूर्ण हालात का सामना करना पड़ा।

यह इलाका पीर पंजाल रेंज में आता है, जो कश्मीर घाटी को पुंछ-राजौरी क्षेत्र से जोड़ता है।

सेना के वरिष्ठ अधिकारी ने की कार्रवाई की सराहना

मुठभेड़ के कुछ घंटे बाद सेना की उत्तरी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने बडगाम के अशदार गली इलाके में आतंकवादी को मार गिराने के लिए श्रीनगर स्थित चिनार कोर की तेज और सटीक कार्रवाई की सराहना की।

ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। खास तौर पर जंगल और दुर्गम रास्तों वाले इलाकों में निगरानी मजबूत की गई है, जहां आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है।

लगातार सुरक्षा मौजूदगी बनाए रखने की रणनीति के तहत ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर अस्थायी ऑपरेटिंग बेस (टीओबी) स्थापित किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात ने पिछले महीने इन टीओबी के कामकाज और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।

यह भी पढ़ेंः झीरम घाटी हमले में 13 साल बाद आया फैसला, NIA कोर्ट ने 10 आरोपियों को ठहराया दोषी

संबंधित समाचार