अमृत विचार की खबर का असर: जेसीबी से हटाया अतिक्रमण, मनकौरा स्कूल के पास हुई जलनिकासी
अमृत विचार की खबर पर प्रशासन ने लिया संज्ञान, डीएम के निर्देश पर मनकौरा प्राथमिक विद्यालय के आसपास भरा पानी निकाला गया
जमुनहा (श्रावस्ती), अमृत विचार। थाना व तहसील समाधान दिवस में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग लगातार सार्वजनिक भूमि समेत अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दे रही हैं। अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर संबंधित लेखपाल और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है। इसके बावजूद मातहतों द्वारा आदेशों की अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया था।
विकास खंड जमुनहा की ग्राम पंचायत परसोहना के मजरा मनकौरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के आसपास जलभराव से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विद्यालय जाने वाले मार्ग पर पानी भरा होने के कारण बच्चों को जोखिम भरे रास्ते से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा था।
इस मामले को अमृत विचार ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ‘डीएम का आदेश भी नहीं मानते रसूखदार’ शीर्षक से रविवार, 30 अगस्त को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया।
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर शनिवार को मनकौरा प्राथमिक विद्यालय के आसपास जलभराव दूर कराने के लिए तहसील प्रशासन और विकास विभाग की टीम जेसीबी लेकर गांव पहुंची। टीम में तहसीलदार जमुनहा भीमचंद्र, नायब तहसीलदार अमरीश कुमार, बीडीओ जमुनहा बृजेश गुप्ता, खंड शिक्षाधिकारी राज किशोर, राजस्व निरीक्षक अशोक मौर्य, लेखपाल संतोष यादव, जमुनहा भवनियापुर ग्राम प्रधान असरार आलम, उपनिरीक्षक सूरज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
ग्रामीणों की मौजूदगी में टीम ने पुलिया अवरुद्ध करने वाले विनोद कुमार पुत्र सक्तु सहित राजकुमार की जमीन से जेसीबी के जरिए मिट्टी हटवाकर सफाई कराई। इसके बाद पानी की निकासी का रास्ता साफ कराया गया और विद्यालय के आसपास भरे पानी को निकलवाया गया।
यह भी पढ़ेंः श्रावस्ती में डीएम का आदेश भी नहीं मान रहे रसूखदार ? रास्ता बना तालाब, स्कूल के गेट तक भरा पानी
यह भी पढ़ेंः सहारनपुर मस्जिद पर बुलडोजर चला तो गरमाई सियासत! मायावती ने की रोकने की मांग, इमरान मसूद बोले- ‘आखिरी दम तक लड़ेंगे’
