Ayodhya News: 18 विद्युत उपकेंद्रों के लिए संजीवनी बनेगी नई 33 केवी लाइन
243 ट्रांसफार्मरों की बढ़ेगी क्षमता, 90 नए ट्रांसफार्मर लगेंगे; सात 11 केवी लाइनों का भी होगा निर्माण और बाइफर्केशन
डिवाइड होगा पुरानी 33 केवी लाइन का लोड, अयोध्या विधायक की एमडी से मुलाकात के बाद तैयार हुआ प्रस्ताव
अयोध्या, अमृत विचार : अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की एमडी पॉवर कॉर्पोरेशन से मुलाकात रंग ला रही है। नगर के साथ अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में बिजली सुधार के लिए अब 33 केवीए की नई लाइन बिछाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके चलते न केवल 18 विद्युत उप केंद्रों का लोड कम होगा बल्कि आपूर्ति सुधार के लिए नई लाइन संजीवनी भी बनेगी। लगभग 50 करोड़ के मास्टर प्लान में 243 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही 90 ट्रांसफार्मर नए लगेगें। इस मास्टर प्लान में केवल अयोध्या विधानसभा ही नहीं जिले को भी फोकस किया गया है।
योजना के तहत मिशन मोड में काम कराकर आपूर्ति व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाने की तैयारी है। योजना के तहत 15 बिजली उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि कराई जाएगी। इसके अलावा एक नई 33 केवी लाइन का निर्माण कराया जाएगा। बिजली आपूर्ति को और व्यवस्थित करने के लिए सात 11 केवी लाइनों का निर्माण एवं बाइफर्केशन कराया जाएगा।
इसके अलावा एक नई 33 केवी लाइन का निर्माण कराया जाएगा। नई लाइन से संबंधित उपकेंद्रों का लोड विभाजित होगा और आपूर्ति नेटवर्क पर दबाव कम किया जा सकेगा। सात 11 केवी लाइनों का निर्माण एवं बाइफर्केशन कराया जाएगा। इससे फीडरों का लोड संतुलित करने के साथ ही एक क्षेत्र में आई खराबी का असर दूसरे क्षेत्रों तक पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी। ओवरलोड ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते दबाव को कम करने और नए विकसित हो रहे क्षेत्रों की बिजली जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी।
नगर क्षेत्र के 18 विद्युत उप केंद्रों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य होगा। पूराबाजार क्षेत्रों के रसूलाबाद आदि विद्युत उप केंद्र का व्यापक सुधार कार्य भी होगा। इतना ही नहीं अब इस मास्टर प्लान में उन लाइनों को भी शामिल किया गया है जहां-जहां अयोध्या विधायक ने आपूर्ति संकट को दुरुस्त करने का प्रस्ताव दिया था। अधिकारी बता रहे हैं प्लान लगभग तैयार कर लिया गया है। बस फाइनल टच देने के लिए विशेषज्ञों की समिति को दिया जा रहा है।
विद्युत व्यवस्था होगी दुरुस्त, विकास में नहीं होगी कमी : वेद प्रकाश
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि नगर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करना और हर वार्ड में विकास पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और विकास का नया मॉडल तैयार हुआ है। नगर में जर्जर तार, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान तेज गति से किया जा रहा है। जहां जरूरत होगी वहां नए ट्रांसफार्मर, नई केबिल और अंडरग्राउंड लाइन का काम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी पर अंकुश और सही बिलिंग से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। शहर के सभी 60 वार्डों में सड़क, नाली, पानी और रोशनी का काम बिना भेदभाव के होगा। अयोध्या अब विश्वस्तरीय नगरी बन रही है, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए योजना बनाई जा रही है। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का प्रस्ताव मुख्य है। अभी तकनीकी संभाग के अनुमोदन के बाद लागू किया जाएगा। धनराशि अभी आगणन बनाए जाने के बाद तय होगी। -बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता वितरण।
