Bulandshahr News: पत्नी से मारपीट का वीडियो वायरल, पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर FIR; जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता की तहरीर पर नगर कोतवाली में BNS की तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
बुलंदशहर में पत्नी से मारपीट के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पत्नी अर्चना पंडा की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने BNS की धारा 115, 352 और 351 के तहत FIR दर्ज की है।
बुलंदशहर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पत्नी से मारपीट के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर पति-पत्नी के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़िता अर्चना पंडा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुड्डू पंडित के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 352 और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
क्षेत्राधिकारी सदर प्रखर पांडे ने बताया कि चार सितंबर को सोशल मीडिया पर पति-पत्नी के बीच मारपीट का एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने वीडियो की जानकारी लेने के बाद पीड़िता से बातचीत की। इसके बाद उसकी तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित अपनी पत्नी अर्चना पंडा के बाल पकड़कर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अर्चना पंडा भी कथित तौर पर गुड्डू पंडित पर झाड़ू चलाती दिखाई दे रही हैं।
पीड़िता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
सीओ सदर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो बार विधायक रह चुके हैं गुड्डू पंडित
गुड्डू पंडित बुलंदशहर से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए थे। पत्नी से मारपीट से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
