Bahraich News : 12 माह से वेतन न मिलने का आरोप, PHC में डॉक्टर ने शुरू किया धरना; CMO बोले- चार माह की सैलरी रिलीज
बहराइच के दुर्गम सुजौली पीएचसी में तैनात डॉ. आरपी सिंह ने 12 माह से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू किया है। सीएमओ संजय शर्मा ने बताया कि चार माह का वेतन रिलीज किया जा चुका है और बाकी मामले की जांच की जा रही है।
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के दुर्गम एवं वन क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सुजौली में तैनात चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह ने पिछले 12 माह से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए शनिवार से अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया। चिकित्सक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर के अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की है।
12 माह से वेतन नहीं मिलने का लगाया आरोप
डॉ. आरपी सिंह की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, वह लंबे समय से पीएचसी सुजौली में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका आरोप है कि करीब एक वर्ष से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। चिकित्सक का कहना है कि वेतन लंबित होने के बावजूद वह लगातार अपने चिकित्सकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए अस्पताल आने वाले मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
डॉ. सिंह के मुताबिक, पीएचसी सुजौली जिला मुख्यालय से करीब 120 किलोमीटर दूर दुर्गम इलाके में स्थित है। अस्पताल के आसपास जंगल और नदियां होने के कारण यहां स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद वह लगातार मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
अधिकारियों को कई बार दी जानकारी
चिकित्सक ने शिकायत में बताया कि वेतन भुगतान की समस्या के संबंध में संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में धरना शुरू करने का निर्णय लिया।
डॉ. सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को तीन दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वह धरना जारी रखने के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि धरने के दौरान भी मरीजों का उपचार और अपने चिकित्सकीय दायित्वों का निर्वहन जारी रखेंगे।
CMO बोले- जांच हो रही, चार माह का वेतन रिलीज
मामले में सीएमओ बहराइच संजय शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह जांच की जा रही है कि डॉक्टर को 12 माह तक वेतन कैसे नहीं मिला। उन्होंने कहा कि फिलहाल चार माह का वेतन रिलीज किया जा चुका है।सीएमओ के मुताबिक, विभाग की ओर से चिकित्सक का वेतन रोका नहीं गया है। अब विभाग यह पता लगा रहा है कि वेतन भुगतान में देरी की वजह क्या रही और शेष लंबित भुगतान की स्थिति क्या है।
दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं दे रहे डॉक्टर के वेतन का मामला चर्चा में
पीएचसी सुजौली जैसे दुर्गम क्षेत्र में तैनात चिकित्सक द्वारा वेतन को लेकर धरना शुरू किए जाने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर डॉक्टर 12 माह से वेतन नहीं मिलने का दावा कर रहे हैं, वहीं सीएमओ का कहना है कि विभाग ने वेतन नहीं रोका है और चार माह की राशि रिलीज की जा चुकी है। ऐसे में जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लंबित वेतन भुगतान में देरी की वास्तविक वजह क्या रही और बाकी भुगतान कब तक हो सकेगा।
यह भी पढ़ें:- सहारनपुर मस्जिद पर बुलडोजर चला तो गरमाई सियासत! मायावती ने की रोकने की मांग, इमरान मसूद बोले- ‘आखिरी दम तक लड़ेंगे’
