श्रावस्ती में डीएम का आदेश भी नहीं मान रहे रसूखदार ? रास्ता बना तालाब, स्कूल के गेट तक भरा पानी
जमुनहा(श्रावस्ती), अमृत विचार : जिले की एक तस्वीर जो आपको सोचने पर मजबूर कर देगी, पढ़ने के लिए मासूम बच्चों को आपदा जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है और यह सबकुछ हो रहा है अतिक्रमण के चलते। डीएम का आदेश भी इन बच्चों की परेशानी दूर नहीं कर पा रहा है। या यूं कहें कि कुछ रसूखदारों का रसूख डीएम के आदेश पर भी भारी पड़ रहा है तो गलत न होगा।
दरअसल, श्रावस्ती के जमुनहा विकास खंड के ग्राम पंचायत परसोहना के मजरा मनकौरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में जाने का रास्ता जल-समाधि ले चुका है, वजह साफ है कि कुछ रसूखदारों ने पानी निकासी की पुलिया पर अतिक्रमण कर लिया है। जिसकी वजह से नन्हे-मुन्ने बच्चों को पानी से होकर निकलना पड़ता है। ऐसे में उनके चेहरों पर पढ़ाई का उत्साह कम, गहरे पानी का खौफ ज्यादा नजर आता है। घुटनों तक भरे गंदे और जोखिम भरे रास्ते से होकर गुजरना इन नौनिहालों की मजबूरी है।
डीएम ने जारी कर रखी है चेतावनी
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की ओर से थाना व तहसील समाधान दिवस में सार्वजनिक भूमि आदि से अतिक्रमण हटाने, अतिक्रमण होने पर संबंधित लेखपाल व जिम्मेदारो के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। बावजूद इसके जमुनहा में मनकौरा प्राथमिक विद्यालय के रास्ते पर जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मनकौरा से जमुनहा बाजार को जाने वाले मार्ग पर विद्यालय के पास बनी पुलिया से जल निकासी होती थी। इसको कब्जा करके बंद कर दिया गया है। जल निकासी न होने से विद्यालय के आसपास पानी भरने से मार्ग तालाब बन गया है। इससे पूर्व तत्कालीन एसडीएम जमुनहा संजय राय ने जेसीबी से पुलिया के आसपास से कब्जा खत्म कराया था, इतना ही नहीं सफाई कराकर जल निकासी कराई थी। इस संबंध में ग्राम प्रधान भीम सिंह ने बताया कि पुलिया को पाटने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। विद्यालय के गेट से मुख्य मार्ग तक जलभराव है। अधिक बारिश होने से विद्यालय की दीवार और बाउंड्रीवॉल गिरने की आशंका बनी हुई है। इससे दुर्घटना की संभावना बनी हुई है।
