Amrit Vichar Impact: श्रावस्ती के वीरगंज बाजार में सुधरेंगे हालात, जलनिकासी का होगा इंतजाम, सड़क के गड्ढे भी भरेंगे

Amrit Vichar Network
On

डीएम के निर्देश पर पहुंची अधिकारियों की टीम

अमृत विचार की खबर का असर हुआ है। वीरगंज बाजार में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था का प्रशासन ने संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और 600 मीटर नाले में हर 100 मीटर पर होल कराकर जलनिकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराने की तैयारी की है।

मल्हीपुर (श्रावस्ती), अमृत विचार: अमृत विचार में 25 अगस्त को प्रकाशित खबर नाम बाड़े और दर्शन छोटे, यही है जमुनहा ब्लॉक की दशा... खबर छपने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गम्भीरता से लिया है। बुधवार को बीरगंज पहुंची अधिकारियों की टीम ने स्थानीय लोगों से वार्ता कर समस्या का फिलहाल वैकल्पिक समाधान कराने का दावा किया। बता दें कि अमृत विचार ने इस जनसमस्या को अपने न्यूज वेबसाइट और यूट्यूब के साथ-साथ अखबार में प्रमुखता से स्थान दिया था। जिसका असर भी देखने को अब मिल रहा है। 

डीएम के निर्देश पर पहुंची अधिकारियों की टीम

जमुनहा ब्लॉक मुख्यालय ग्राम पंचायत पटना के माजरा वीरगंज बाजार में स्थित है। यहीं ब्लॉक, सीएचसी, तहसील भी स्थित है। ब्लॉक के सामने से ही बैरियल चौराहा से होते हुए कटरा माफी जाने वाली सड़क मौजूद है। बाजार में जिला पंचायत से नाला का निर्माण कराया गया था। नाले की ऊंचाई सड़क से अधिक होने के कारण वह निष्प्रयोज्य सा है। ऐसे में  बरसात सहित लोगों के घरों व दुकानों का पानी मुख्यमार्ग पर ही भरा रहता है।

02

इस खबर को अमृत विचार ने अपने न्यूज वेबसाइट और यूट्यूब के साथ-साथ अखबार में  25 अगस्त के अंक में नाम बाड़े और दर्शन छोटे, यही है जमुनहा ब्लॉक शीर्षक से प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इसे संज्ञान में लेते हुए डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजकर रिपोर्ट देने व समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर वीरगंज बाजार पहुंची अधिकारियों की टीम ने मौका मुआयना किया। साथ ही स्थानीय लोगों से मिलकर समस्या का समाधान भी जाना।

02

यह भी पढ़ें:- Shravasti News: नाम बड़ा और दर्शन छोटे, नीति आयोग की सूची में शामिल जमुनहा ब्लॉक बदहाल सुविधाओं से बेहाल
यह मिली कमियां

जांच टीम के अनुसार वीरगंज में जिला पंचायत से बनी नाली सड़क से ऊंची होने के साथ ही पानी के निकास की व्यवस्था नहीं है। नाली की सफाई न होने के कारण न सिर्फ वह चोक हो चुकी है, बल्कि कुछ स्थान पर नाली पट चुकी है। इससे बरसात व लोगों के घरों व दुकानों का पानी मार्ग पर ही एकत्र हो रहा है।

 

600 मीटर नाली में बनेंगे 100 मीटर पर निकासी प्वाइंट

जिला पंचायत 600 मीटर लंबी नाली में 100 मीटर पर होल काटेगी, ताकि सड़क का पानी नाले में जा सके। इसके साथ ही लोगों को अपने घरों व दुकानों का पानी नाले में गिरे इसका इंतजाम करना होगा। जलनिकासी के बाद लोक निर्माण विभाग अस्थाई रूप से गड्ढों में रोड़े आदि डालेगा ताकि जलभराव की समस्या न होने पाए।

‘खबर का असर’... अफसरों ने खुद किया मौका मुआयना

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केपी मिश्र ने बताया कि अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत और अभियंताओं की टीम के साथ उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। इसके बाद डीएम के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

केपी मिश्र, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग ने कहा, “मौके का मुआयना कर लिया गया है। रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। इसके बाद उनके निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।”

संबंधित समाचार