सीतापुर में बारिश बनी 565 जोड़ों की शादी में ‘विलेन’, पानी से लबालब RMP कॉलेज फिर भी रचाई गईं शादियां, देखें Video
प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में हुआ विवाह
सीतापुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में तेज बारिश ने खलल डाला। आरएमपी कॉलेज का मैदान पानी से भर गया, लेकिन प्रशासन ने आयोजन जारी रखते हुए 565 जोड़ों का विवाह कराया। इनमें मुस्लिम परिवारों के जोड़े भी शामिल रहे।
सीतापुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बुधवार को बारिश ने जमकर खलल डाला, लेकिन जिला प्रशासन ने आयोजन को रुकने नहीं दिया। आरएमपी कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तेज बारिश से मैदान पानी से लबालब हो गया और पंडाल के भीतर भी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में 565 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
बारिश से मैदान हुआ जलमग्न
कार्यक्रम के दौरान तेज बारिश शुरू होने से आरएमपी कॉलेज का ग्राउंड पूरी तरह पानी से भर गया। पंडाल के बाहर जलभराव की स्थिति बन गई। किसी तरह अधिकारी और विवाह में शामिल होने वाले जोड़े पंडाल तक पहुंचे। पंडाल के भीतर भी बारिश का असर दिखाई दिया, लेकिन आयोजन को जारी रखा गया।
प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में हुआ विवाह
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी तेज बारिश के बीच आरएमपी कॉलेज परिसर पहुंचे। तमाम मुश्किलों के बावजूद अधिकारियों की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। कार्यक्रम में 565 जोड़ों का विवाह कराया गया। इनमें मुस्लिम परिवारों के जोड़े भी शामिल रहे। बारिश के कारण आई बाधाओं के बावजूद नवविवाहित जोड़ों और उनके परिवारों में उत्साह बना रहा।
मुस्लिम जोड़ों ने भी लिया योजना का लाभ
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में हिंदू परिवारों के साथ मुस्लिम परिवारों के जोड़े भी विवाह बंधन में बंधे। प्रशासन की ओर से सभी जोड़ों के विवाह की व्यवस्थाएं पूरी कराई गईं। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-UPCOS : लखनऊ में CM योगी ने दी आउटसोर्स कर्मचारियों बड़ी सौगात, बोले-2017 से पहले होता था शोषण
