Bareilly News : डलाव घर बना बड़ी मुसीबत, कूड़े की भीषण दुर्गंध से गणेश नगर के लोगों का जीना हुआ मुहाल
गणेश नगर में कूड़े के ढेर और आवारा पशुओं ने बढ़ाई परेशानी, सड़क तक फैला कचरा
बरेली के गणेश नगर में कूड़े की भीषण दुर्गंध और डलाव घर से स्थानीय लोग परेशान हैं। जल्द ही इसे गन्ना मिल की जमीन पर शिफ्ट किया जाएगा।
बरेली, अमृत विचार। शहर में नगर निगम द्वारा बनाए गए कई डलाव घर अब स्थानीय बाशिंदों के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी भारी मुसीबत बन चुके हैं। गणेश नगर मोहल्ले के गेट पर एकत्र किए जा रहे कूड़े और उससे उठने वाली भीषण दुर्गंध ने आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कूड़ा उठान में होने वाली देरी और आवारा पशुओं के जमघट से स्थिति और भी बदतर हो गई है।
स्थानीय लोग इस समस्या को लेकर कई बार विरोध-प्रदर्शन कर चुके हैं और नगर निगम में शिकायत भी दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।
सड़क तक फैल रहा कूड़ा, राहगीर भी परेशान
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गणेश नगर गेट के पास स्थित डलाव घर में मढ़ीनाथ, बंसीनगला, शांति विहार, गणेश नगर और नेकपुर समेत कई अन्य इलाकों का कूड़ा लाकर डाला जाता है। यह मार्ग बरेली और बदायूं को जोड़ता है। सावन के महीने में कांवड़िये भी इसी मार्ग से गुजरे थे। अक्सर कूड़ा सड़क तक फैल जाता है, जिससे डलाव घर के आसपास आवारा पशुओं का भारी जमघट लगा रहता है। कूड़े और पशुओं के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने बयां किया अपना दर्द
बदबू और गंदगी से परेशान स्थानीय नागरिकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं:
मनोज कुमार सिंह: जरा सी बारिश में कूड़े से भयंकर बदबू आती है। घर में बैठना मुश्किल हो जाता है। कूड़ाघर में पानी भरने पर समस्या दोगुनी हो जाती है। इसे यहां से तुरंत हटना चाहिए।
पंकज वर्मा: कूड़े की दुर्गंध की वजह से हमने छत पर बैठना छोड़ दिया है। कई बार विरोध किया, मगर कोई हल नहीं निकला। हमें इस कूड़ाघर से निजात चाहिए।
नवीन कुमार: दुर्गंध से हवा दूषित हो गई है। शाम को घर के बाहर टहल भी नहीं सकते। डंपिंग ग्राउंड के आसपास आवारा पशुओं का जमघट दुर्घटनाओं को दावत देता है।
प्रेम किशोर: नगर निगम के अधिकारी कई बार आए, मगर समाधान नहीं हुआ। पार्षद से शिकायत की है, उन्होंने आश्वासन दिया है।
रामपाल: डंपिंग जोन से राहगीर भी बहुत परेशान हैं। सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है और कूड़ा नालियों में धकेला जा रहा है।
जल्द गन्ना मिल की जमीन पर शिफ्ट होगा डंपिंग जोन
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद ने जल्द समाधान का भरोसा दिया है।
"मेयर और नगर आयुक्त से डंपिंग जोन को लेकर मेरी बात हो चुकी है। जल्द ही इस डंपिंग जोन को गन्ना मिल की जमीन पर अस्थाई रूप से स्थानांतरित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है।" - चित्रा मिश्रा, पार्षद (वार्ड 25)
ये भी पढ़ें - उधारी में मना त्योहार, अब मजदूरी का इंतजार: 'जी-राम-जी' योजना के 3.25 करोड़ बकाया, ट्रेजरी के चक्कर में फंसे मजदूर
