रायबरेली में बारिश से कच्ची दीवार ढही: मलबे में दबकर किसान की मौत; रात के एक बजे हुआ हादसा
रायबरेली के नयापुरवा गांव में लगातार बारिश के चलते कच्ची दीवार गिरने से 85 वर्षीय बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
महराजगंज/रायबरेली, अमृत विचार। यूपी के रायबरेली जिलें में चंदापुर थाना क्षेत्र के नयापुरवा (मजरे चंदापुर) गांव में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण एक घर की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 85 वर्षीय बुजुर्ग किसान रघुनाथ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण मकान सील गया था। रात को भोजन करने के बाद बुजुर्ग किसान रघुनाथ अपने घर में सो रहे थे। करीब रात एक बजे अचानक उनके मकान की कच्ची दीवार ढह गई और वे मलबे के नीचे दब गए। जोर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े।
ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद तुरंत मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला और आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हल्का लेखपाल रणविजय सिंह ने बताया कि घटना की कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से अनुमन्य आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
