लखनऊ न्यूज : पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा के आवास के पास अचानक धंसी सड़क, गहरे गड्ढे में गिरा बाइक सवार; 2024 में भी हुआ था हादसा
2024 में भी इसी जगह धंसी थी सड़क
लखनऊ में लगातार बारिश के बीच डॉ. दिनेश शर्मा के आवास के पास सड़क अचानक धंस गई। 10 फीट से अधिक गहरे गड्ढे में बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। खास बात यह है कि सितंबर 2024 में भी इसी स्थान पर सड़क धंस चुकी है।
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को आईटी चौराहे से पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के आवास के पास अचानक सड़क धंस गई। सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

अचानक सड़क धंसने से मचा हड़कंप
सड़क धंसने की घटना डॉ. दिनेश शर्मा के आवास के सामने हुई। अचानक सड़क के बीच बड़ा गड्ढा बनने से राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर आवागमन को नियंत्रित किया। गड्ढा सड़क के बीच में होने के कारण इस मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
2024 में भी इसी जगह धंसी थी सड़क
खास बात यह है कि सितंबर 2024 में भी इसी स्थान के पास सड़क धंस गई थी। उस समय सड़क पर करीब 20 फीट चौड़ा और आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने सड़क की मरम्मत कराई थी। उस दौरान सड़क के नीचे मौजूद ड्रेनेज लाइन में लीकेज की आशंका जताई गई थी। विभाग ने सड़क की खुदाई कर लीकेज की जांच की थी और करीब एक महीने में सड़क को दोबारा दुरुस्त किया गया था।

लगातार बारिश के बीच फिर धंसी सड़क
राजधानी में पिछले तीन-चार दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, कुछ स्थानों पर सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की भी शिकायतें सामने आई हैं। हालांकि, वीवीआईपी इलाके में एक ही स्थान पर दोबारा सड़क धंसने की घटना ने सड़क की गुणवत्ता और भूमिगत ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की जांच के बाद ही सड़क धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें:-यूपी के इन जिलों में बाढ़ का खतरा बरकरार, 6 सितंबर तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट; डरा रहा गंगा, घाघरा का जलस्तर
