Bareilly News : बीडीए में नहीं अटकेंगे मानचित्र, ''विकास संवाद'' से होगा समाधान
आर्किटेक्ट से लेकर होटल संचालकों तक से संवाद करेंगी उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) भवन मानचित्र स्वीकृति में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए 3 सितंबर से 'विकास संवाद' शुरू कर रहा है।
बरेली, अमृत विचार। बीडीए भवन मानचित्र स्वीकृति और निर्माण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विकास संवाद शुरू करेगा। इस संवाद में आर्किटेक्ट, इंजीनियर, बिल्डर, डेवलपर, उद्योग, अस्पताल, स्कूल और होटल प्रतिनिधियों से सीधे समस्याएं जानी जाएंगी। सुझावों के आधार पर जरूरी सुधार कर अनावश्यक देरी रोकने की कोशिश होगी।
विकास संवाद की शुरुआत तीन सितंबर को आर्किटेक्ट, इंजीनियर और लाइसेंस प्राप्त तकनीकी प्रोफेशनल के साथ होगी। इसके बाद 10 सितंबर को बिल्डर-डेवलपर, 17 सितंबर को औद्योगिक संघ व उद्योग प्रतिनिधि, 24 सितंबर को मेडिकल एसोसिएशन व अस्पताल प्रतिनिधि, एक अक्तूबर को विद्यालय-शैक्षणिक संस्थान और आठ अक्तूबर को होटल एसोसिएशन व होटल उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बीडीए के मीटिंग हॉल में सुबह 11 बजे दोपहर एक बजे तक बैठक होगी।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया बताया कि विकास संवाद के जरिए बीडीए ''''ईज ऑफ डूइंग बिजनेस'''' को बढ़ावा देकर शहर के नियोजित विकास को गति देगा। बैठकों में बार-बार लगने वाली आपत्तियों और मानचित्र स्क्रूटिनी के चक्रों को कम करने पर विशेष बल दिया जाएगा। ऑनलाइन भवन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली और पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर भी संबंधित पक्षों से फीडबैक लिया जाएगा। इससे न केवल मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि बरेली के भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग क्षेत्र को नए अवसर मिलेंगे। प्राधिकरण का जोर इस बात पर रहेगा कि मानचित्र दोबारा प्रस्तुत करने से पहले सभी आपत्तियों का बिंदुवार अनुपालन हो, जिससे आवेदकों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
''सिंगल विंडो सिस्टम'' से मिलेगी एनओसी
''विकास संवाद'' के जरिए ''सिंगल विंडो क्लियरेंस'' व्यवस्था को और अधिक व्यावहारिक बनाया जाएगा। भवन निर्माण व मानचित्र स्वीकृति के लिए अग्निशमन, पर्यावरण, पीडब्ल्यूडी और नजूल विभाग से जुड़ी एनओसी की प्रक्रिया को एक ही मंच से जोड़ने पर मंथन होगा। इससे निवेशकों, बिल्डरों और आम नागरिकों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : डलाव घर बना बड़ी मुसीबत, कूड़े की भीषण दुर्गंध से गणेश नगर के लोगों का जीना हुआ मुहाल
