रायबरेली : खेत में खून से लथपथ मिला युवक का शव, चाचा-चाची पर हत्या का आरोप
खीरों, रायबरेली, अमृत विचार : थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में शुक्रवार देर रात जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह खेत में खून से लथपथ शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की मां ने अपने देवर और देवरानी समेत कुछ अन्य लोगों पर लाठी-डंडों से पीटकर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एकौनी गांव निवासी शिवबाबू (24) पुत्र चंद्रलाल शुक्रवार रात करीब 12 बजे शौच के लिए घर से खेतों की ओर गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर बटाई पर लिए गए खेत में छप्पर डालकर रह रहे उसके चाचा चंद्रपाल और चाची सविता ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर शिवबाबू को लाठी-डंडों से पीटा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की मां फूलमती के अनुसार, सहन की जमीन, मकान और आवागमन के रास्ते को लेकर उनके देवर चंद्रपाल से लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा शिवबाबू चाचा की बाइक लेकर कहीं जाने लगा था। बाइक ले जाने से मना करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। सूचना पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में देर रात शिवबाबू को खेत में घेरकर पीटा गया।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीण खेतों की ओर गए तो शिवबाबू का शव खून से लथपथ पड़ा देखा। इसकी सूचना गांव में फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत राय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह भी एकौनी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मृतक के परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और घटना की जांच जारी है। घटना के बाद मृतक की मां फूलमती, पिता चंद्रलाल, भाई रामबाबू और सुमित तथा बहनों रोली, रूबी और पूजा समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें : काल बनकर आया रक्षाबंधन: बहनोई के डिब्बे वाले सांप ने भाई को डसा, मातम में बदलीं खुशियां
