बरेली: नए साल में स्मार्ट साइकिल पर घूम सकेंगे स्मार्ट सिटी
अमृत विचार, बरेली। भोपाल और चंडीगढ़ की तर्ज पर शहर में बहुत जल्द स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम (स्मार्ट साइकिल) का संचालन किया जाएगा। इसके लिए कई कंपनियों ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड से संपर्क साधा है। अफसरों का दावा है कि अगले माह में इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू होने की …
अमृत विचार, बरेली। भोपाल और चंडीगढ़ की तर्ज पर शहर में बहुत जल्द स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम (स्मार्ट साइकिल) का संचालन किया जाएगा। इसके लिए कई कंपनियों ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड से संपर्क साधा है। अफसरों का दावा है कि अगले माह में इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू होने की संभावना है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड शहरवासियों को पीपीपी मॉडल (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत जन सामान्य के लिए बाइक शेयरिंग सिस्टम को धरातल पर उतारने में जुट गया है। इसके लिए दो कंपनियों ने प्रस्ताव दिया है जिस पर अधिकारी मंथन कर रहे हैं। इसके होने से लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और पर्यावरण के लिहाज से भी शहर के लिए बेहतर साबित होगा।
शहर में बनेंगे आठ स्टेशन
शहर में बाइक शेयरिंग सिस्टम चालू होने के बाद एक डॉकिंग स्टेशन पर साइकिल लेकर दूसरे सेक्टर के स्टेशन पर भी साइकिल छोड़ी जा सकती है। जीपीएस सिस्टम होने के कारण साइकिल चोरी होने का भी डर नहीं है। इसके लिए किराया भी तय किया जाएगा क्योंकि पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम प्रोजेक्ट को पीपीपी मॉडल पर आधारित होगा।
स्मार्ट सिटी में जो भी प्रोजेक्ट कंपनी लेगी उसे एबीडी एरिया में आठ स्थान दिए जाएंगे। इसमें चौकी चौराहा, पटेल चौक, गांधी उद्यान, विकास भवन, नूरी मस्जिद रेलवे स्टेशन, अक्षर विहार और कुतुबखाना चौक, सेटेलाइट बस स्टैंड का चयन किया गया है। इन डॉकिंग स्टेशनों पर 10-10 साइकिल स्टैंड भी पीपीपी मॉडल पर तैयार होंगे।
बाइक शेयरिंग सिस्टम को संचालित करने के लिए तैयारी की जा रही है। इसके लिए कंपनियां संपर्क कर रही हैं। क्योंकि पीपी माडल में प्रोजेक्ट को शुरू किया जाना है। – संजय सिंह चौहान, महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी लिमिटेड
