अयोध्या: ट्रक की टक्कर से पलटी गन्ने से लदी ट्राली, दबकर युवक की मौत
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के पटरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मवई चौराहा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक की टक्कर से गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई जिससे एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गन्ने में दबे शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया …
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के पटरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मवई चौराहा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक की टक्कर से गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई जिससे एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गन्ने में दबे शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक पटरंगा थाना क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर आबदाना रेस्टोरेंट के सामने रौजागांव चीनी मिल जा रहे गन्ना लदी ट्राली में पीछे से अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर पर सवार दो लोग गन्ने के नीचे दब गए।
सूचना पर पहुचे पटरंगा थाना प्रभारी आर के राना हाइवे चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव एसएसआई सुधाकर यादव मय फोर्स के साथ ग्रामीणों की मदद से गन्ने के नीचे दबे दो लोगों को बाहर निकाला। तब तक एक युवक की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। वहीं ट्रैक्टर चालक सकुशल बच गया। इस दौरान लगभग एक घंटा यातायात जाम लगा रहा।
पुलिस ने क्रेन व जेसीबी मशीन को मंगाकर क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर ट्रॉली और गन्ने को किनारे कराकर यातायात को बहाल कराया। मृतक की पहचान ननकू यादव पुत्र रज्जन यादव (28) निवासी लोध पुरवा मजरे दुलहदेपुर थाना टिकैत नगर जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। कुछ ही देर में मृतक के परिजन घटनास्थल पर रोते बिलखते पहुंच गए। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।
पटरंगा थाना प्रभारी आर के राना ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। सड़क से क्षतिग्रस्त वाहन व गन्ने को जेसीबी की मदद से किनारे कराकर यातायात को बहाल करा दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
