मुरादाबाद: अधिशासी अभियंता के साथ ठगी करने वाला एक गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर थाना पुलिस ने विद्युत विभाग में तैनात अधिशासी अभियंता के साथ ठगी करने वाले एक शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शातिर ने एक माह पहले अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अधिशासी अभियंता के खाते से पौने दो लाख रुपए निकाल लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार करने के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर थाना पुलिस ने विद्युत विभाग में तैनात अधिशासी अभियंता के साथ ठगी करने वाले एक शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शातिर ने एक माह पहले अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अधिशासी अभियंता के खाते से पौने दो लाख रुपए निकाल लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही काफी तादाद में बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीम और डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। साथ ही आरोपी के खाते में करीब डेढ़ लाख रुपए फ्रीज करा दिए हैं।
मूलत: गाजियाबाद के थाना इंद्रापुरम के सेक्टर-10 वसुधंरा निवासी प्रेम कुमार मझोला स्थित विद्युत ट्रांसमिशन मंडल प्रथम में बतौर अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात है। प्रेम कुमार के अनुसार दिसंबर के आखिरी सप्ताह में उनके मोबाइल पर युवक का फोन आया। खुद को बैंककर्मी बताते हुए उसने खाते के संबंध में जानकारी ली। बाद में एक लिंक भेजा, इसके बाद ओटीपी पूछकर उनके खाते से 175200 रुपए निकाल लिए। खाते से रकम निकलने का मैसेज आने के बाद उनके होश उड़ गए। बैंक कर्मियों को सूचित करने के साथ ही इस संबंध में 31 दिसंबर को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
1 लाख 44 हजार रुपए खाते में कराए फ्रीज
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद साइबर थाना प्रभारी नरेशपाल सिंह ने जांच कर दिल्ली में दबिश देकर एक युवक को दबोच लिया। साइबर शातिरों के गिरोह का खुलासा करते हुए एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मूलत: बिहार के समस्तीपुर के थाना हसनगंज अंतर्गत दुधपुरा गांव निवासी राजकुमार दास है। उसने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर बिजली विभाग के अधिकारी के साथ ठगी की थी। चारों दिल्ली में रहकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इनका एक साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से सात बैंक पासबुक, 19 चेकबुक, सात मोबाइल,18 एटीएम, चार आधार कार्ड, पांच पेन कार्ड और तीन डीएल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उसके खाते में जमा 1 लाख 45 हजार रुपय फ्रीज करा दिए गए हैं। जल्द यह रकम प्रेम कुमार के खाते में ट्रांसफर करा दी जाएगी।
अभी तक करीब 12 लाख की कर चुके हैं ठगी
एएसपी अनिल कुमार ने पूछताछ में बताया कि अभी तक करीब 12 लाख की धोखाधड़ी कर चुके हैं। यह रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराई थी। नए खाते खुलवाने के लिए यह लोग जरूरतमंद या फिर विकलांग लोगों को अपने साथ मिला लेते हैं। खुद रकम खर्च करके उनका विभिन्न बैंकों में खाता खुलवाते थे। बाद में रकम आने के बाद कुछ हिस्सा भी देते थे। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
