बरेली: रिश्तेदारी में आए तो सोचा, सोलर पैनल ही चोरी करते चलें
अमृत विचार, बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में अब रेलवे संपत्ति की चोरी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। फिर चाहे वह चोरी खुद रेलवे के कर्मचारी करें या फिर बाहर के लोग। अभी एसएसई द्वारा जेनरेटर चोरी का मामला शांत नहीं हुआ कि तब तक रेलवे की न्यू मॉडल कालोनी में सोलर …
अमृत विचार, बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में अब रेलवे संपत्ति की चोरी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। फिर चाहे वह चोरी खुद रेलवे के कर्मचारी करें या फिर बाहर के लोग। अभी एसएसई द्वारा जेनरेटर चोरी का मामला शांत नहीं हुआ कि तब तक रेलवे की न्यू मॉडल कालोनी में सोलर पैनल और बैटरी चोरी का मामला सामने आ गया।
अपराध सूचना शाखा (सीआईबी) और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर तीन चोरों को गिरफ्तार किया। तीनों पर मुकदमा दर्ज कर 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है। कार्यशाला आरपीएफ इंस्पेक्टर डीएस यादव ने बताया कि रविवार को तेज बारिश हो रही थी। तभी मुखबिरों से सूचना मिली कि रेलवे की न्यू मॉडल कॉलोनी में तीन चोर सोलर पैनल चुराने की फिराक में लगे हैं।
सूचना पर तुरंत सीआईबी और आरपीएफ की टीम पहुंच गई। तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जब तक टीम पहुंची तब तक उन्होंने सोलर पैनल के खंभे को गिराकर पैनल और बैटरी दोनों को उतार लिया था और ई-रिक्शे में भरकर ले जाने की फिराक में थे। तीनों के पास से सोलर प्लेट, बैटरी, सब्बल, रस्सी, ई-रिक्शा आदि बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों पीलीभीत के विक्रमपुर के रहने वाले हैं। तीनों का नाम कुलदीप कुमार, संदीप कुमार और कमलेश हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में एक आरोपी बोला कि वह एक रिश्तेदारी में आया था, बारिश में सन्नाटा देख सोलर पैनल चुराने की योजना बना ली।
वहीं, दूसरे ने कहा कि वह तो जगह-जगह भजन कीर्तन करता है। दोनों की बातों में आकर चोरी करने चला आया। बहरहाल, आरपीएफ ने तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेशकर 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया है। बतातें चलें कि रेलवे की न्यू मॉडल कॉलोनी से कई सोलर पैनल चोरी हो चुके हैं मगर अभी तक उनका सुराग नहीं मिल सका है।
