मुरादाबाद: युवती ने बीच सड़क पर युवक को पीटा
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामपुर रोड हरपाल नगर के पास युवक-युवती के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया। फोन तोड़ने से गुस्साई युवती ने युवक की बीच सड़क पर ही धुनाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ जमा होने के बाद भी युवती …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामपुर रोड हरपाल नगर के पास युवक-युवती के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया। फोन तोड़ने से गुस्साई युवती ने युवक की बीच सड़क पर ही धुनाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ जमा होने के बाद भी युवती युवक को पीटती रही। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया गया।
सोमवार को गोविंदनगरी निवासी एक युवती रामपुर रोड स्थित मिगलानी सिनेमा के पास फोन पर बात कर रही थी। तभी युवती की पहचान का एक युवक मौके पर पहुंचा और उसने फोन पर बात करने से मना किया। इसके बावजूद युवती फोन पर लगातार बात करती रही। इस पर गुस्से में आकर युवक ने युवती के हाथ से फोन छीनकर सड़क पर पटककर तोड़ दिया।
फोन टूटते देख युवती आक्रोशित हो गई ओर उसने युवक को बीच सड़क पर ही गिरेबान पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। युवक को पीटते देख मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद भी युवती ने युवक को नहीं छोड़ा और चांटे जड़ती रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। जबकि युवती को महिला कांस्टेबल ने पकड़ लिया। दोनों से विवाद की जानकारी ली गई तो दोनों एक दूसरे को दोस्त बताने लगे। इस पर पुलिस ने दोनों को थाने ले जाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर दोनों को उनके सुपुर्द किया गया। गलशहीद थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि युवक-युवती में आपसी विवाद हो गया था। परिजनों के सामने समझाकर उन्हें भेज दिया गया।
