बरेली: पंचायत चुनाव में 16000 की लगेगी ड्यूटी, कटवाने को अभी से खलबली
बरेली,अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान, मतगणना का कार्य संपन्न कराने के लिए 16000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। इसमें 12000 (महिला-पुरष) शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी। अभी ड्यूटी लगी नहीं है। सिर्फ तैयारी चल रही है लेकिन बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों समेत कई विभागों के कर्मचारियों में ड्यूटी कटवाने को लेकर अभी से खलबली मच …
बरेली,अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान, मतगणना का कार्य संपन्न कराने के लिए 16000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। इसमें 12000 (महिला-पुरष) शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी। अभी ड्यूटी लगी नहीं है। सिर्फ तैयारी चल रही है लेकिन बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों समेत कई विभागों के कर्मचारियों में ड्यूटी कटवाने को लेकर अभी से खलबली मच गई है। सिफारिश कराकर ड्यूटी कटवाने वाले सैकड़ों कर्मचारियों ने अभी से अपनी गोटियां फिट कर ली हैं।
जिला सूचना विज्ञान केंद्र की ओर से जारी हुए पत्र के आधार पर माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग समेत सभी सरकारी विभाग के कर्मचारियों का डाटा राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर फीड किया जा रहा है। जिला सूचना विज्ञान केंद्र से लॉगिन और पासवर्ड लेकर फीडिंग का कार्य कराया जा रहा है। डाटा फीड होने के बाद चुनाव में ड्यूटियां लगेंगी। सर्वाधिक ड्यूटी शिक्षकों की लगाई जाएंगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 15 से 30 मार्च के बीच में कराए जाने की चर्चा तेजी से छिड़ी हुई है। जिला प्रशासन कभी भी अधिसूचना जारी होने के दृष्टिगत चुनाव की तैयारियां करा रहा है। मतदान, मतगणना कार्मिक, पीठासीन अधिकारी, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट समेत अन्य की ड्यूटी लगाने को लेकर तैयारी की जा रही है। पंचायत चुनाव में सभी ड्यूटियां एनआईसी से लगाई जाती हैं।
एनआईसी के अधिकारी ने बताया कि चुनाव में 16000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। सभी विभागों को पत्र जारी कर दिया गया है। विभागों ने अधिकारी-कर्मचारियों की सूची ऑनलाइन फीड कराना शुरू कर दिया है। फीडिंग का कार्य जनवरी माह के अंतिम सप्ताह तक पूरा कारने की बात कही है। चुनाव कोई हो लेकिन मतदाता पुनरीक्षण से लेकर मतदान व मतगणना कार्य संपन्न कराने में सर्वाधिक शिक्षकों की ही ड्यूटी लगाई जाती है। बरेली जनपद में 8538 बेसिक शिक्षा और 3800 माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।
दो शिक्षकों ने ड्यूटी कटवाने को लेखपालों के साथ की थी मारपीट
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में दो शिक्षकों ने ड्यूटी कटवाने को लेकर दो लेखपालों के साथ मारपीट कर दी थी। एक शिक्षक ने चुनाव आयुक्त बनकर लेखपाल को ड्यूटी कटवाने के लिए फोन कर दिया। भेद खुलने पर शिक्षक ने गाली-गलौच तक कर दी। रिठौरा में शिक्षक ने लेखपाल का सिर फोड़ा। दोनों मामले में शिक्षकों पर एफआईआर हुई। बीएसए ने दोनों शिक्षकों को निलंबित भी किया था।
पुराने प्रिंटर खराब, दो हैवी ड्यूटी प्रिंटर मंगाए
कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के बाद सूची निकालने के लिए एनआईसी ने दो नए हैवी ड्यूटी प्रिंटर मंगाए हैं। पूर्व के जो प्रिंटर थे। वह खराब हो चुके हैं। प्रिंटर से बल्क प्रिंटिंग करने में आसानी रहती है। एनआईसी के अनुसार हजारों सूचियों के प्रिंट निकालने पड़ते हैं। ऐसे में हैवी ड्यूटी प्रिंटर ही कामयाब हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद प्रिंटर मंगाए जा रहे हैं।
पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगाने की कार्रवाई चल रही है। 16000 कर्मचारियों की डयूटी लगेगी। सर्वाधिक शिक्षक शामिल होंगे। फीडिंग का कार्य ऑनलाइन होने के बाद ड्यूटी लगाने का क्रम शुरू होगा। युद्धस्तर पर कार्य कराया जा रहा है। इस बीच अधिसूचना जारी हो जाए, फिर भी कार्य अटकेगा नहीं। अधिसूचना जारी होने की बात ध्यान में रखते हुए तैयारी कराई जा रही है। -कमल शर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी
शहर में 432143 वोटर, एनआरआई वोट एक भी नहीं
पंचायत चुनाव में शहर विधानसभा क्षेत्र के 432143 वोटर हैं। इसमें से कुछ नाम बढ़ और कट भी सकते हैं। फाइनल सूची 22 जनवरी को जारी होगी। शहर के वोटरों में एनआरआई वोट एक भी नहीं है। न ही एनआरआई ने वोटर बनने के लिए आनलाइन आवेदन किया है। सदर तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र में शहर विधानसभा का कार्य देख रहे लिपिक ने बताया कि ऑनलाइन किसी ने आवेदन नहीं किया है। चुनाव के नजदीक आवेदन होने की बात कही।
