बरेली: आए तो सालगिराह की शूटिंग करने पर डांट खाकर लौटे दंपति
बरेली, अमृत विचार। शादी की 25वीं सालगिराह को यादगार बनाने के लिए शहर के एक दंपति बरेली कॉलेज में वीडियो शूटिंग करने पहुंच गया। दंपति को बिना अनुमति के वहां शूटिंग करना भारी पड़ गया। छात्रों के विरोध पर चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने दंपति को तलब कर लिया। उसके बाद उन्हें जमकर फटकार लगाई …
बरेली, अमृत विचार। शादी की 25वीं सालगिराह को यादगार बनाने के लिए शहर के एक दंपति बरेली कॉलेज में वीडियो शूटिंग करने पहुंच गया। दंपति को बिना अनुमति के वहां शूटिंग करना भारी पड़ गया। छात्रों के विरोध पर चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने दंपति को तलब कर लिया। उसके बाद उन्हें जमकर फटकार लगाई और लिखित में माफीनामा लिखने के बाद छोड़ा गया। यह पल भी उनके लिए यादगार ही बन गया होगा।
श्यामगंज के रहने वाले एक व्यापारी की कुछ दिनों बाद शादी की सालगिराह है। वह बरेली कॉलेज में बीकॉम और एमकॉम के छात्र भी रह चुके हैं। उन्होंने अपनी सालगिराह को यादगार बनाने के लिए ऐतिहासिक कॉलेज बरेली कॉलेज में शूटिंग करने का फैसला लिया। उन्होंने पुस्तकालय में किसी अधिकारी से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने अनुमति के लिए बोला।
इसके बावजूद वह अपनी जान-पहचान के जरिए मंगलवार दोपहर अपने बेटे के साथ वीडियो शूटिंग करने पहुंच गए। उन्होंने लाइब्रेरी समेत कई जगह शूटिंग की। जब छात्रों ने शूटिंग होते देखी तो उन्हें लगा कि कोई दूसरे तरह की शूटिंग हो रही है। इसकी खबर जब चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा को लगी तो उन्होंने कर्मचारियों को दंपति को तलाशने के लिए भेजा। काफी देर बाद दंपति मिले तो उन्होंने एक कर्मचारी को अनुमति होने की बात कहकर वापस लौटा दिया, जबकि किसी तरह की कोई अनुमति नहीं दी गई थी।
दोपहर में दंपति को चीफ प्रॉक्टर के सामने पेश किया गया तो उन्होंने दंपति से अनुमति के बारे में पूछा तो जवाब नहीं दे सके। इस पर उन्हें जमकर फटकार लगाई। दंपति इसके बाद तरह-तरह की सफाई देने लगे। लिखित में माफीनामा लेने के बाद चीफ प्रॉक्टर ने उन्हें शादी की सालगिराह की बधाई दी। इसके बाद दंपति के चेहरे पर मुस्कान आयी और वे वापस चले गए।
