बरेली: 55 वैक्सीनेशन बूथों पर तैनात होंगे सेक्टर मजिस्ट्रेट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कोविड वैक्सीनेशन को लेकर जिला प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है। वैक्सीनेशन के लिए चयनित 55 बूथों पर बनाए सौ सेशन के प्रत्येक सेशन पर 100 लोगों को वैक्सीन लगाए जाने की बात पहले ही तय हो चुकी है। एक दिन में 10 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन बूथों …

अमृत विचार, बरेली। कोविड वैक्सीनेशन को लेकर जिला प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है। वैक्सीनेशन के लिए चयनित 55 बूथों पर बनाए सौ सेशन के प्रत्येक सेशन पर 100 लोगों को वैक्सीन लगाए जाने की बात पहले ही तय हो चुकी है। एक दिन में 10 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन बूथों पर कानून व्यवस्था का पालन कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह को दी गई। पुलिस अधीक्षक (क्राइम) सुशील कुमार गर्ग फोर्स तैनात करने की व्यवस्था संभालेंगे।

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 वैक्सीनेशन में शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन कराया जाए। वैक्सीनेशन के लिए सभी औपचारिकताएं जल्द पूरा करने के निर्देश दिये। कहा कि इस कार्य में प्रत्येक स्तर पर बेहद सतर्कता बरतने की जरूरत है। जिन व्यक्तियों को कोविड की वैक्सीन लगाई जाएगी, उनका पूरा डाटा प्रतिदिन लखनऊ भी भेजा जाएगा।

इस कार्य को नियमित कराया जाए। जिन अस्पतालों में कोविड की वैक्सीन लगाई जाएगी। वहां पर डॉक्टर एवं नर्स उपस्थित रहें। जिलाधिकारी ने बताया कि जिस व्यक्ति को वैक्सीन लगाई जाएगी, उसका सर्वप्रथम ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर दर्ज कराया जाएगा। वैक्सीनेशन की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में करने के निर्देश दिये। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुधीर कुमार गर्ग समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

11 जनवरी को 55 प्वाइंटों पर होगा दूसरे चरण का ड्राई रन
जिलाधिकारी ने बताया कि 11 जनवरी को 55 वैक्सीनेशन बूथों पर दूसरे चरण का ड्राईरन कराया जाएगा। इसकी तैयारी हो चुकी हैं। 25-25 लोगों को वैक्सीन लगाने की ड्राईरन होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि वैक्सीनेशन बूथों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। उन्हीं लोगों को बुलाया जाएगा, जिन्हें वैक्सीन लगनी हैं।

ड्राईरन की तैयारी पूरी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुधीर कुमार गर्ग ने बताया कि 55 प्वाइंट चयनित हैं। यहां सौ सेशन बनाए गए हैं। सभी सेशन पर सौ लोगों को वैक्सीन लगेगी। 11 जनवरी को होने वाली ड्राईरन की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। वैक्सीन आने तक डाक्टर से लेकर चिकित्सा से जुड़े सभी कर्मचारी वैक्सीनेशन को लेकर प्रशिक्षित हो जाएंगे।

तो क्या बंद होगी कोविड चिकित्सालय की ऑक्सीजन सप्लाई
ऑक्सीजन को लेकर ऐसा पेच फंसा कि शुरू होने के बाद भी कोविड चिकित्सालय में संक्रमितों को ऑक्सीजन की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। बीते चार माह से कोविड चिकित्सालय में ऑक्सीजन की सप्लाई देने वाली कंपनी को भुगतान न मिलने के कारण सप्लाई न भेजने के बारे में भी सोच रहे हैं। जिससे कोविड चिकित्सालय में भर्ती संक्रमितों को इलाज में असुविधा हो सकती है।

कोविड चिकित्सालय में ऑक्सीजन को लेकर अड़ंगा रहता ही है, अस्पताल की शुरूआत से पहले स्वास्थ्य विभाग जिस दाम पर सरकारी तंत्र ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदना चाहता है, उतने में कोई सप्लायर ऑक्सीजन देने को तैयार नहीं है। इसीलिए किसी सप्लायर ने टेंडर तक नहीं भरा। जिस कंपनी को स्वास्थ्य विभाग ने नामित किया, उसने लिखित तौर ऑक्सीजन देने से इंकार कर दिया था। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की एक कार्यदायी कंपनी को नामित किया गया था।

कंपनी ने वर्तमान सप्लाई की दरों से करीब तीन गुना कम दर देखकर सप्लाई से हाथ खड़े कर दिए। साथ ही, सप्लाई में असमर्थता जताते हुए लिखित पत्र भी सौंपा। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और ऑक्सीजन सप्लायर के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया है। लेकिन भुगतान न मिलने से ऑक्सीजन सप्लाई रोकने से चिकित्सालय में संक्रमितों को इलाज कैसे होगा, ये प्रश्न स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फिलहाल राहत नहीं दे रहा है। इस मामले में कोविड चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मामले की लिखित जानकारी दे दी गई है।

पूरा हुआ कोल्ड चेन का काम, इंस्टॉल की गए चारों आईआरएल
कोरोना संक्रमण से निजात दिलाने के लिए जिले में वैक्सीनेशन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उम्मीद है कि जनवरी के अंतिम या फरवरी के पहले सप्ताह से वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। वैक्सीन के रखरखाव के लिए जिला अस्पताल परिसर के सामने वाले भवन में कोल्ड चेन सिस्टम लग चुका है। वहीं, द्वितीय चरण में वैक्सीनेशन के लिए चिन्हित किए गए प्रशासन, पुलिस कर्मियों के डेटा फीड करने का कार्य अंतिम चरण में है।

वहीं, गुरुवार को वैक्सीन रखने वाले आईआरएल रेफ्रिजरेटर को कोल्ड चेन में इस्टॉल की गई। शासन की ओर से 11 जनवरी को पुन: पूर्वाभ्यास की तैयारियों की कवायदें जारी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आएन सिंह ने बताया कि वैक्सीन लगाए जाने का कार्य चार चरण में होगा, इसमें पहले चरण में चिकित्सकीय कार्य से जुड़े कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर जैसे पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अफसर और कर्मचारी शामिल रहेंगे। इसके बाद को-मार्बिड (कई बीमारियों से ग्रस्त) मरीजों को और अंत में चौथे चरण में 50 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगाया जाएगा।

स्वास्थ्य कर्मियों का होगा टीकाकरण
कोविड वैक्सीन सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाएगी। जिले में करीब 42 हजार स्वास्थ्य कर्मी हैं। इनमें 9727 सरकारी कर्मचारी, जबकि 490 प्राइवेट अस्पतालों के 15267 कर्मी, छह मेडिकल कॉलेज के 7086 कर्मी, 24 पैरामेडिकल कालेज के 1683 कर्मिर्यों का डेटा फीड कर लिया गया है।

संबंधित समाचार