बदायूं कांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं/उघैती। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश को झकझोर कर रख देने वाले बदायूं कांड में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने बदायूं कांड के मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया है। बदायं में महिला की दुराचार के बाद हत्या के मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण को गांव में ही एक घर …

बदायूं/उघैती। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश को झकझोर कर रख देने वाले बदायूं कांड में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने बदायूं कांड के मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया है। बदायं में महिला की दुराचार के बाद हत्या के मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण को गांव में ही एक घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे थाने लाया गया तब तक आलाधिकारी थाने पहुंच चुके थे। उघैती के एक गांव में आंगनबाड़ी सहायिका से दुराचार के बाद अमानवीय तरीके से हत्या कर दी गई थी। घटना के मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण की गिरफ्तारी को टीमें लगी हुई थीं।

बरेली से आईजी को बाबा की गिरफ्तारी के लिए बदायूं भेजा गया। गुरुवार देर रात बाबा सत्यनाराण को ग्रामीणों ने मेवली गांव में एक घर में छुपा देखकर पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची ग्रामीणों ने बाबा को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर आईजी राजेश पांडेय समेत एसएसपी संकल्प शर्मा ,डीएम कुमार प्रशांत थाने पहुंच गए।

इससे पहले उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले मे हुए सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के केस की जांच मे लगी यूपी पुलिस मुख्य आरोपी सत्यनारायण को पहचानने मे धोखा खा गई थी। अलीगढ़ पुलिस ने इगलास मे जिस व्यक्ति को पकड़ कर बदायूं कांड के केस मे मुख्य आरोपी सत्यनारायण बताया था वह असली नहीं बल्कि उसका हमशक्ल सूरत का रहने वाला महंत सत्यनारायण निकला।

सब्जी कारोबारी की सूचना पर पकड़े गए रेप के आरोपी को पकड़ने के बाद पहले पुलिस खुशियां मनाती रही, लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो पुलिस मायूस नजर आई।

सीएम योगी ने कहा था कि बदायूं की घटना अत्यंत निंदनीय है। अभियुक्तों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले के मुख्य आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण फरार है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश में बदायूं के उघैती क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार और दरिंदगी के साथ की गयी हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया था कि उघैती क्षेत्रान्तर्गत एक 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के सन्दर्भ में धारा 376डी/302 भादवि के अन्तर्गत मुकदमा कायम किया गया था। इस क्रम में प्रारम्भिक जांच में लापरवाही में दोषी पाये जाने पर तत्कालीन थाना प्रभारी को निलम्बित किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के पैर में फ्रैक्चर एवं प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों वेद राम और जसपाल को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि फरार आरोपी मंदिर के महंत को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और बहुत जल्दी मंदिर के महंत को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार