बरेली: आयुष टेलीमेडिसिन एप से ऑनलाइन इलाज कर रहे बरेली के पांच डॉक्टर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। आयुर्वेद को बढ़ावा देने और लोगों को आयुर्वेद से चिकित्सीय लाभ दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लगातार प्रयास कर रही हैं। आयुर्वेद के डॉक्टरों से घर बैठकर मोबाइल से वीडियो कॉलिंग के जरिये अब ऑनलाइन इलाज की सुविधा आयुष मंत्रालय ने शुरू की है। इससे तमाम मरीजों को वीडियो कॉल के …

बरेली,अमृत विचार। आयुर्वेद को बढ़ावा देने और लोगों को आयुर्वेद से चिकित्सीय लाभ दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लगातार प्रयास कर रही हैं। आयुर्वेद के डॉक्टरों से घर बैठकर मोबाइल से वीडियो कॉलिंग के जरिये अब ऑनलाइन इलाज की सुविधा आयुष मंत्रालय ने शुरू की है। इससे तमाम मरीजों को वीडियो कॉल के जरिये आयुष चिकित्सकों से इलाज कराने में आसानी हो रही है। आयुष टेलीमेडिसिन एप के जरिये एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय के पांच चिकित्सक प्रदेश भर के मरीजों का इलाज कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष टेलीमेडिसिन एप बीते दिनों लांच किया था। इसके साथ ही एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसमें 53 आयुर्वेदिक चिकित्सकों के साथ ही उत्तर प्रदेश के आयुष मिशन डायरेक्टर राजकमल यादव जुड़े हैं। यह आयुर्वेदिक चिकित्सक मरीजों का ऑनलाइन इलाज करते हैं।

इस बारे में एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय के प्राचार्य एवं अधीक्षक दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि सबसे पहले मरीजों को मोबाइल एप डाउनलोड करना होता है। इसके बाद मरीज जिस डॉक्टर से सलाह लेना चाहता है, उसके टाइम स्लॉट के अनुसार अप्वाइंटमेंट लेने के लिए आवेदन करता है। डॉक्टर के स्वीकृति देने के बाद मरीज का अप्वाइंटमेंट तय हो जाता है, जो टाइम तय हो जाता है उसी समय पर डॉक्टर वीडियो कॉल करता है। एक मरीज को करीब 20 मिनट तक का समय दिया जाता है। वीडियो कॉल के दौरान मरीज आसानी से अपनी दिक्कत बता देते है, जिसके आधार पर संबंधित डॉक्टर उसे दवाएं एवं सलाह दे देता है।

बरेली के ये डॉक्टर करते हैं इलाज
1- डॉ. अनिल कुमार, प्रवक्ता काय चिकित्सा
2- डा. प्रीति शर्मा, प्रोफेसर, स्त्री रोग विशेषज्ञ
3- डा. मनोज पुरी, रीडर शल्य तंत्र (सर्जरी)
4- डा. शान्तनु गुप्ता, प्रवक्ता काय चिकित्सा
5- डा. नितिन शर्मा, प्रवक्ता काय चिकित्सा

संबंधित समाचार