बरेली: दिनभर रही रार, शाम को तय हुआ बनेगी मजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के ड्रीम प्रोजेक्ट रामगंगा नगर आवासीय परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि पर निर्माण बताकर गुरुवार को तोड़ी गई मजार को फिर से बनाया जाएगा। यह निर्णय बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह और जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां के बीच एसएसपी कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया। …

अमृत विचार, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के ड्रीम प्रोजेक्ट रामगंगा नगर आवासीय परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि पर निर्माण बताकर गुरुवार को तोड़ी गई मजार को फिर से बनाया जाएगा। यह निर्णय बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह और जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां के बीच एसएसपी कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया।

इससे पहले दिनभर मजार के आसपास भारी संख्या में लोग एकत्र रहे लेकिन जुमे की नमाज के बाद लोगों की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी हो गई। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने जमकर नारेबाजी और शोर-शराबा भी किया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजार के पास पुलिस तैनात रही।

काजी-ए-हिंदुस्तान के असजद रजा खां के निर्देश पर शुक्रवार दोपहर नमाज अदा करने के बाद पहुंचे सलमान मियां मजार के पास ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि मजार को उसी स्थान पर बनाने का आश्वासन मिलने से पहले वे लोग नहीं हटेंगे। उनके पहुंचने पर मौके पर मौजूद भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी। यह देखकर वहां मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सकते में आ गए। हालांकि, भीड़ ने किसी तरह का उग्र प्रदर्शन नहीं किया। इससे पुलिस को काफी राहत रही। इसके बाद मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार और तहसीलदार सदर आशुतोष गुप्ता सलमान मियां को मौके से एसएसपी कार्यालय ले गए जहां बीडीए वीसी और उनके बीच बातचीत हुई।

बैठक के बाद सलमान मियां ने बताया कि शनिवार से मजार का निर्माण शुरू होगा। जहां मजार बनी थी उसी स्थान पर निर्माण कार्य कराया जाएगा। एसएसपी, सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बीडीए के वीसी एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में तय हुआ कि मजार का निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं, बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने कहा कि मजार की भूमि और रास्ते की भूमि पर शनिवार को 11 बजे निर्णय लिया जाएगा।

अगर मजार की भूमि रास्ते के गाटा संख्या के पास की भूमि में है तो वहां मजार बनवाई जाएगी। अगर जिस जगह मजार थी वहां की भूमि कागज में पाई गई तो वहां मजार बनवाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पर संबंधित लोगों के साथ शाम को बैठक हुई है इसमें कहा गया कि हमें सभी धर्मों का सम्मान करना है।

पुलिस का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। दोनों पक्षों के बीच मेरे कार्यालय में बात हुई है। पुलिस का जमीन की नाप-जोख से कोई लेना-देना नहीं है लेकिन नाप-जोख के बाद जो निर्णय होगा उसका पालन कराया जाएगा। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी।

संबंधित समाचार