बरेली: कच्ची के ठिकानों पर नहीं खोखों व दुकानों पर तलाश रहे शराब
अमृत विचार, बरेली। बुलंदशहर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद भी बरेली के आबकारी अधिकारी सजग नहीं दिख रहे हैं। जिन क्षेत्रों में कच्ची शराब बनाई जाती है वहां छापे न मारकर जनरल स्टोर, पान के खोखों व देसी ठेकों की कैंटीन का निरीक्षण कर रहे हैं जबकि मीरगंज, फरीदपुर और आंवला क्षेत्र …
अमृत विचार, बरेली। बुलंदशहर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद भी बरेली के आबकारी अधिकारी सजग नहीं दिख रहे हैं। जिन क्षेत्रों में कच्ची शराब बनाई जाती है वहां छापे न मारकर जनरल स्टोर, पान के खोखों व देसी ठेकों की कैंटीन का निरीक्षण कर रहे हैं जबकि मीरगंज, फरीदपुर और आंवला क्षेत्र में रामगंगा नदी से लगे क्षेत्रों में कच्ची शराब धड़ल्ले से बनाई जाती है।
जिला आबकारी अधिकारी देव नारायण दूबे का साफ कहना है कि 32 स्थान ऐसे हैं जहां पर कच्ची शराब बनाई जाती है। उनके अनुसार बुलंदशहर की घटना के बाद इन क्षेत्रों में छापेमारी करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन शनिवार को आबकारी विभाग की कच्ची शराब बनाने वाले ठिकानों पर छापेमारी नहीं दिखी। आबकारी विभाग की टीमों ने कई क्षेत्रों में अवैध रूप से कच्ची शराब बेचने वालों की धरपकड़ की लेकिन हत्थे कुछ नहीं लगा। दिनभर का अभियान महज खानापूर्ति में सिमट गया।
आबकारी विभाग के सेक्टर-3 और सेक्टर-1 के आबकारी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने अमित मिश्र के नेतृत्व में शनिवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। ढाबों, रेस्टोरेंट पर जांच की। नवाबगंज क्षेत्र में अभियान के तहत संदिग्ध अड्डों, ढाबों और ठेलों पर दबिश देकर चेकिंग की गई। टीम में आबकारी निरीक्षक चमन सिंह, दिनेश यादव, वीके सिंह, पदम प्रकाश आदि शामिल रहे।
बरेली जनपद में तीन साल में कच्ची शराब के खिलाफ छापेमारी
वर्ष मारे छापे पकड़े आरोपी बरामद शराब (लीटर) दर्ज एफआईआर
2017-18 7160 1689 32933.50 21
2018-19 7942 762 22142.60 30
2019-20 8950 1170 36781 50
2020-21 8806 1256 33593.82 53
कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक में आबकारी विभाग की ओर से तीन साल के छापेमारी के आंकड़े प्रस्तुत किए गए। जिसमें बताया गया कि तीन साल से कच्ची शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है लेकिन जहरीली शराब बनाने के मामले सामने नहीं आए। समिति के सभापति रणविजय सिंह ने बुलंदशहर की घटना के दृष्टिगत जिले में कच्ची शराब बेचने वालों के ठिकानों पर छापेमारी तेज करने के निर्देश दिये।
