मुरादाबाद: छलका पार्षदों का दर्द, बोले पुलिसकर्मी नहीं देते सम्मान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर की विभिन्न समस्याओं से निजात दिलाने के लिए पुलिस लाइन में हुई गोष्ठी में पार्षदों का दर्द छलक उठा। समस्याओं के समाधान के लिए राय देने पहुंचे तमाम पार्षदों ने एसएसपी के सामने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। खासतौर पर थाने या चौकी पर जाने में सम्मान न मिलने …

मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर की विभिन्न समस्याओं से निजात दिलाने के लिए पुलिस लाइन में हुई गोष्ठी में पार्षदों का दर्द छलक उठा। समस्याओं के समाधान के लिए राय देने पहुंचे तमाम पार्षदों ने एसएसपी के सामने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

खासतौर पर थाने या चौकी पर जाने में सम्मान न मिलने पर पार्षदों ने अपनी नाराजगी जताई। बोले, अधिकतर थानेदार व चौकी इंचार्ज को अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के नाम तक की जानकारी नहीं हैं। यही वजह है कि कई बार क्षेत्रवासियों की समस्याएं लेकर वह थाने या चौकी जाते हैं तो उनको अपमानित भी होना पड़ जाता है।

लिहाजा हर थाने व चौकी में इंचार्ज के साथ ही क्षेत्र के पार्षदों के नाम की सूची पट्टिका लगाने की मांग की। वहीं उन्होंने आश्वासन दिया कि जाम व अतिक्रमण के अलावा अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए वह पुलिसकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। जरूरत पड़ने पर वह व्यापारियों को समझाने का भी प्रयास करेंगे।

महानगर में अतिक्रमण और जाम सबसे बड़ी समस्या है। इन दोनों समस्याओं के कारण प्रमुख बाजारों व चौराहों से दिन में कई बार निकलना तक दुश्वार हो जाता है। त्योहार व महत्वपूर्ण मौकों पर आलम यह हो जाता है कि जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। ऐसा नहीं हैं कि इन समस्याओं से निदान दिलाने के लिए पहल नहीं हुई, तमाम प्लान बनने के साथ अभियान चले, व्यापारियों संग घंटों पुलिस अफसरों ने चिंतन-मंथन किया। लेकिन, नतीजा सिफर रहा, यही वजह रही कि अब पुलिसकर्मियों ने महानगर की समस्याओं के निस्तारण के लिए पार्षदों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया। हालांकि पहली बैठक में ही जहां एसएसपी की मौजूदगी में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई तो वहीं पार्षदों का दर्द भी छलक उठा।

थानों व चौकी में हो पार्षदों की सूची पट्टिका
पुलिस लाइन में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिसिंग को बेहतर करने और समस्याओं के निराकरण के लिए पार्षदों को बुलाया। हालांकि बैठक की शुरुआत में ही पार्षदों ने अपने मुद्दे उनके सामने रखने शुरू कर दिए। पार्षद संजय सक्सेना ने कहा कि थाने या फिर चौकी में जाने पर उनको सम्मान नहीं दिया जाता है। कई बार वह क्षेत्र के लोगों की समस्याएं लेकर जाते हैं तो पुलिसकर्मी पहचानने से इंकार कर देते हैं, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस करते हैं। उनकी इस शिकायत पर अन्य सभासदों ने भी समर्थन दिया।

मांग उठी कि इंचार्ज की तरह हर-थाने व चौकी में पार्षदों के नाम का भी सूची पट होना चाहिए। पार्षद अजय दिवाकर ने कहा कि चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस मनमानी करती है। कई बार बेवजह वाहन चालकों का चालान कर दिया जाता है। जिस पर अफसरों ने ट्रैफिक पुलिस पर शिकंजा कसने के साथ ही सूची पट पर भी अमल करने का आश्वासन दिया।

पार्षद अशोक सैनी ने बाजारों में हर वक्त फैले रहने वाले अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। साथ ही सभी ने एक सुर में आश्वासन दिया कि जाम व अतिक्रमण की समस्या से निजात पाने के लिए वह लोग हर संभव अफसरों की मदद के लिए तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर वह व्यापारिक संगठनों से भी वार्ता करेंगे। बैठक में एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह, सीओ सिविल लाइंस अनिल कुमार यादव, सीओ कोतवाली इंदूभूषण और सीओ कटघर मनीष कुमार यादव के अलावा सरदान सिंह डिंपल, योगेंद्र रस्तोगी, अशोक सैनी, राहुल शर्मा, मुकुल, शिवराज, सद्दाम, आरफीन मदनी, दिनेश सिसौदिया सहित करीब चालीस पार्षद मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार