अयोध्या: अंत्येष्टि में भी किया हाथ साफ, तीन चोर गिरफ्तार
अयोध्या, अमृत विचार। घर, दुकान व मन्दिर खंगालने वाले अब श्मशान घाट को भी निशाना बनाने लगे हैं। चोरी की ऐसी घटना को अंजाम देने वाले गोंडा जनपद के तीन चोर अयोध्या पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस कार्यालय के मुताबिक 9 जनवरी को जंगल बेलहर बखिरा जनपद सन्त कबीर नगर के राममिलन यादव पुत्र …
अयोध्या, अमृत विचार। घर, दुकान व मन्दिर खंगालने वाले अब श्मशान घाट को भी निशाना बनाने लगे हैं। चोरी की ऐसी घटना को अंजाम देने वाले गोंडा जनपद के तीन चोर अयोध्या पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस कार्यालय के मुताबिक 9 जनवरी को जंगल बेलहर बखिरा जनपद सन्त कबीर नगर के राममिलन यादव पुत्र द्वारिका प्रसाद अपने ससुर के पार्थिव का अंतिम संस्कार कराने साथ में अयोध्या के सरयू घाट आए थे।
दाह संस्कार पक्काघाट पर सम्पन्न कराने के समय घाट से किसी ने उनकी पैंट गायब कर दी। मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, 3000 नकदी आदि जरूरी कागजात गायब देखकर साथ के लोगों को लेकर इधर उधर तलाशने लगे। कहीं कोई सुराग नहीं लगने पर कोतवाली अयोध्या में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को वारदात की जानकारी हुई तो डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार के निर्देश पर अपराधियों को पकड़ने के लिए एएसपी सिटी, सीओ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या के नेतृत्व में टीम बनाई गई। सोमवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए सरयू पुल (नयाघाट) के तीसरे पिलर के पास से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान चोरी गए डीएल, सैमसंग मोबाईल व रूपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम राजू निवासी बस्ती पुरवा थाना मनकापुर, संतोष कुमार निवासी दिलीप पुरवा थाना मनकापुर औऱ राजकपूर निवासी बनगाई थाना धानेपुर जनपद गोंडा बताया। तीनों से चोरी गए माल बरामद कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए सक्षम न्यायालय को रवाना किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अभियुक्तों को पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश रामदेव, धर्मेन्द्र मिश्रा चौकी प्रभारी नयाघाट, आरक्षी मनोज यादव, धीरेन्द्र कुमार थाना कोतवाली अयोध्या शामिल रहे।
