मुरादाबाद: गला घोंटकर मजदूर की हत्या, शव खेत में फेंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/पाकबड़ा/अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में गला घोंटकर मजदूर की हत्या कर दी गई। बाद में उसका शव सड़क किनारे गेहूं के खेत में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने जब मजदूर का शव देखा तो सूचना परिजनों को दी। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू …

मुरादाबाद/पाकबड़ा/अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में गला घोंटकर मजदूर की हत्या कर दी गई। बाद में उसका शव सड़क किनारे गेहूं के खेत में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने जब मजदूर का शव देखा तो सूचना परिजनों को दी। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बाद में तमाम परिजन फिर पाकबड़ा थाने पहुंच गए और जल्द खुलासे की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। परिजन रंजिशन हत्या का आरोप तो लगा रहे थे लेकिन किसी पर शक जाहिर नहीं कर रहे थे। लिहाजा पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उनको शांत कराया।

हत्या की यह वारदात पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गुन्नौर द माफी की है। गांव निवासी छोटेलाल का बेटा संजय उर्फ लाला(36वर्ष) काफी समय पहले पीतल व स्टील के बर्तनों में पालिश करने का काम करता था। करीब 14 साल पहले उसका विवाह हुआ था लेकिन दो साल बाद अनबन होने के कारण पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई। परिजनों के अनुसार बाद में पत्नी ने संजय को तलाक दे दिया। इसके बाद से वह नशे का भी आदी हो गया। इधर पालिश करने का काम बंद करके वह एक फैक्ट्री में मजदूरी करने लगा।

परिजनों के अनुसार नशे की लत के कारण अक्सर वह घर से बाहर रहता था। रविवार की शाम करीब पांच बजे वह कुछ देर में आने की बात कहकर निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा। रात करीब आठ बजे कुछ ग्रामीणों ने संजय को सड़क पर पड़ा देखा, जिस पर उन्होंने परिजनों को भी सूचना दी। परिजनों ने समझा कि नशे में हैं, कम होने पर घर आ जाएगा लेकिन वह पूरी रात घर नहीं आया। सुबह किसी ने सूचना दी कि संजय का शव सड़क किनारे गेहूं के खेत में पड़ा है। जिस पर रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। संजय के गले में चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया। इसके बाद खफा परिजन पाकबड़ा थाने पहुंच गए और वहां पर भी हंगामा किया। जल्द खुलासे की मांग पर अड़े परिजन हत्या का आरोप तो लगा रहे थे लेकिन किसी पर शक जाहिर नहीं कर रहे थे। हालांकि परिजनों का कहना था कि देर शाम वह सड़क पर पड़ा था, बाद में किसी ने उसकी हत्या कर शव घसीटकर गेहूं के खेत में फेंक दिया। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे का आश्वासन देकर सभी को शांत कराया।

बेरहमी से पीटकर की गई संजय की हत्या
मुरादाबाद। सोमवार की देर शाम आई पीएम रिपोर्ट में संजय की बेरहमी से पीट कर हत्या करने की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार हत्यारोपियों ने उसे बेरहमी से पीटने के साथ ही गला दबाया। पिटाई के कारण उसकी पसलियां टूट गई। सीने और सिर में भी गंभीर चोट आई है।

संबंधित समाचार