बरेली: बाहर से आने वाले अंडों और मुर्गियों पर लगी रोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कोरोना का संकट टला नहीं था कि बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी। कानपुर के चिड़ियाघर और ललितपुर में कुछ पक्षियों के मरने से इसकी आशंका बढ़ गई है। वहीं, देश के नौ राज्यों में बर्ड फ्लू का वायरस मिलने से दहशत है। यही वजह है कि शासन के निर्देश पर बाहर …

अमृत विचार, बरेली। कोरोना का संकट टला नहीं था कि बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी। कानपुर के चिड़ियाघर और ललितपुर में कुछ पक्षियों के मरने से इसकी आशंका बढ़ गई है। वहीं, देश के नौ राज्यों में बर्ड फ्लू का वायरस मिलने से दहशत है। यही वजह है कि शासन के निर्देश पर बाहर से आने वाले अंडों और मुर्गियों पर रोक लगा दी गई है। बर्ड फ्लू के कारण मुर्गा और मुर्गी के मूल्य में भी गिरावट दर्ज की गई है।

राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, गुजरात, केरल समेत नौ राज्यों में बर्ड फ्लू के मरीज पाए गए हैं। वहीं, कानपुर के चिड़ियाघर में अचानक कुछ कौए मर गए। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कौओं की मौत भी बर्ड फ्लू के कारण हुई है। ललितपुर में भी कुछ पक्षियों की मौत भी बर्ड फ्लू से होने की आशंका जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाहर से आने वाले अंडों और मुर्गे-मुर्गियों पर रोक लगा दी गई है।

वहीं, जिले में चल रहे पोल्ट्री फार्मों के मालिकों को भी हिदायत दी गई है कि वे लोग भी बचाव कार्य और सतर्कता बरतें ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कुमार वर्मा ने बताया कि जिले के बाहर से आने वाले अंडे और मुर्गे व मुर्गियों पर इसी वजह से रोक लगाई गई है।

ऐसे फैलता है रोग
सीवीओ डॉ. ललित कुमार वर्मा ने बताया कि यह रोग एच-5 एन-1 नामक वायरस से फैलता है। पोल्ट्री फार्म में रोग फैलने से इंसानों के बीच इसके फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि बचाव बहुत जरूरी है। इसलिए पोल्ट्री फार्म में जाएं तो पीपीई किट पहनकर जाएं। पोल्ट्री फार्म में चूने का छिड़काव करें।

ऐसे करें बचाव
सीवीओ ने बताया कि छत पर रखी टंकियों, रेलिंग्स, पिजरों को सर्फ या साबुन से धोएं या फिर सैनेटाइज कर दें। पक्षियों के पंखों और मल को सावधानी से साफ करें। सफाई करते समय दस्ताने और मास्क जरूर पहनें। यह रोग पक्षियों की लार और मल से फैलता है।

संबंधित समाचार