बरेली: गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री के साथ बैठकर परेड देखेगी बरेली की बेटी
अमृत विचार, बरेली। पीलीभीत रोड स्थित आशुतोष सिटी में रहने वाली बरेली की बेटी श्लाघ्या ने शहर का नाम रोशन किया है। आगामी गणतंत्र दिवस पर उन्हें प्रधानमंत्री के साथ बॉक्स में बैठकर राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड देखने का मौका मिलेगा। इसके लिए श्लाघ्या को भारत सरकार की तरफ से पत्र प्राप्त …
अमृत विचार, बरेली। पीलीभीत रोड स्थित आशुतोष सिटी में रहने वाली बरेली की बेटी श्लाघ्या ने शहर का नाम रोशन किया है। आगामी गणतंत्र दिवस पर उन्हें प्रधानमंत्री के साथ बॉक्स में बैठकर राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड देखने का मौका मिलेगा। इसके लिए श्लाघ्या को भारत सरकार की तरफ से पत्र प्राप्त हो चुका है।
श्लाघ्या ने वर्ष 2020 में सीबीएसई 12वीं में 99.6 फीसदी अंकों के साथ मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया था। इसकी वजह से श्लाघ्या को अब प्रधानमंत्री बॉक्स में बैठकर गणतंत्र दिवस परेड देखने का मौका मिल रहा है। इस परेड के लिए देशभर से 50 मेधावी छात्रों को चुना गया है।
इन सभी का 25 से 27 जनवरी तक रहने और खाने का खर्चा शिक्षा मंत्रालय की तरफ से उठाया जाएगा। साथ ही आने-जाने का खर्च भी दिया जाएगा। श्लाघ्या बताती हैं कि यदि मौका मिला तो वह सबसे पहले तो प्रधानमंत्री के साथ एक फोटो जरूर लेंगी। इसके बाद उनके मन में देश को लेकर जो तमाम सवाल चल रहे हैं, वह उनसे पूछेंगी। बतातें चलें कि श्लाघ्या के पिता शिवेंद्र मिश्र लखनऊ में वित्त नियंत्रक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हैं जबकि मां कीर्ति मिश्रा गृहिणी हैं।
72 घंटे पहले कराना होगा कोरोना टेस्ट
गणतंत्र दिवस परेड में जाने के लिए यात्रा से 72 घंटे पहले छात्रों को कोरोना टेस्ट कराना होगा। इसके लिए जरूरी है कि छात्र को एंटीजन और आरटीपीसीआर दोनों टेस्टों की रिपोर्ट निगेटिव हों। जब तक छात्र अपनी निगेटिव रिपोर्ट नहीं दिखाएगा, तब तक उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
