बरेली: अव्यवस्थाओं भरा रहा अधूरी जानकारी से कराया गया कोविड वैक्सीनेशन पूर्वाभ्यास
अमृत विचार, बरेली। कोविड-19 वैक्सीनेशन की राह में बरेली में सोमवार को पूर्वाभ्यास का आयोजन हुआ। जिले के 55 केंद्रों पर 642 कर्मचारियों का डमी वैक्सीन लगाने के बाद लोकल कोविन एप पर डाटा संग्रहित किया गया। आधी-अधूरी जानकारी के साथ कराए गए पूर्वाभ्यास में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। वैक्सीनेशन का सेमीफाइनल माने जा रहे पूर्वाभ्यास …
अमृत विचार, बरेली। कोविड-19 वैक्सीनेशन की राह में बरेली में सोमवार को पूर्वाभ्यास का आयोजन हुआ। जिले के 55 केंद्रों पर 642 कर्मचारियों का डमी वैक्सीन लगाने के बाद लोकल कोविन एप पर डाटा संग्रहित किया गया। आधी-अधूरी जानकारी के साथ कराए गए पूर्वाभ्यास में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। वैक्सीनेशन का सेमीफाइनल माने जा रहे पूर्वाभ्यास में स्वास्थ्य विभाग की कई स्थानों पर चूक सामने आई। सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
देश में कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी से होगी। इसके पहले चरण में बरेली में 15 साइट में 15 सेशन में वैक्सीनेशन किया जाएगा। वैक्सीनेशन के दौरान कोई गलती न हो इसलिए दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान पूर्वाभ्यास में कोविन एप में डाटा संग्रहित करने, वैक्सीन कहां लगने जैसी विशेष बातों का अभाव होने के कारण पूर्वाभ्यास व्यवस्था के अनुरूप नहीं हुआ। पूर्वाभ्यास के जिम्मेदारों के सामने सोमवार के पूर्वाभ्यास में कोविन एप भी सही से काम नहीं कर सका। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीनेशन कराने के लिए आने वालों को सही जानकारी नहीं दे सके।
यही नहीं, बायोमेडिकल वेस्ट रखने के लिए डस्टबिन कैसे और कहां रखे जाएंगे। इसके बारे में भी तय नहीं हो पाया। यही नहीं, वैक्सीन किस हाथ में लगाई जाएगी, उसकी डोज कितनी होगी, एक बायल में कितनी डोज होंगी, वैक्सीन कैसे लगाई जाएगी आदि जरूरी बिंदुओं के बारे में जानकारी ही नहीं थी। इस बारे में सवाल पूछे जाने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी बगलें झांकते नजर आए।
हालांकि, विभागीय अधिकारी इसके पीछे शासन की ओर से निर्देश न मिलने की बात करते दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि अब तक शासन से स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। इस बारे में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह का कहना है कि जो कमियां मिली हैं। इनको दूर करने के लिए 25 नोडल अधिकारियों को 13 जनवरी को फिर से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की वैक्सीन
जिला प्रतिरक्षण कार्यालय से सीएमओ डा. सुधीर कुमार गर्ग ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह की मौजूदगी में पूर्वाभ्यास के लिए वैक्सीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सुरक्षा बल के साथ करीब 8:25 मिनट पर डमी वैक्सीन का स्टॉक चेक करने के बाद वैक्सीन को रवाना किया गया। वैक्सीन रखने वाले बॉयल को गंदी देखकर सीएमओ ने बॉयल को साफ कर कोविड-19 वैक्सीन के स्टीकर लगाने के निर्देश दिए, जिसके बाद वैक्सीन की गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही धीरे-धीरे गाड़ी ले जाने की सलाह दी।
पूर्वाभ्यास से पहले जिला अस्पताल में सीएमओ ने देखी व्यवस्थाएं
वैक्सीन रवाना होने के बाद सीएमओ डा. सुधीर कुमार गर्ग ने जिला अस्पताल के एडीएसआईसी डा. सुबोध कुमार शर्मा के साथ मिलकर फिजियोथेरेपी विभाग, पेंइंग वार्ड का निरीक्षण कर सींटिंग प्लान भी स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वैक्सीनेशन स्थल पर स्टॉफ को पहले से समय के बाद भी फोन करके बुलाया गया। वहीं, तैयारियां पूरी हो जाने के बाद सीएमओ ने अन्य जगह का निरीक्षण किया।
एडीएसआईसी के लताड़ने पर शिफ्ट किया पेंइंग वार्ड में भर्ती मरीज
वैक्सीनेशन के पूर्वाभ्यास के लिए जिला अस्पताल के पेंइंग वार्ड में दो सत्र निर्धारित किए गए। सत्रों के निरीक्षण के दौरान मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. सुबोध कुमार शर्मा ने वैक्सीनेशन केंद्र के पास भर्ती युवक को देख स्टाफ को लताड़ लगाई। जिसके बाद आनन-फानन में स्टाफ ने युवक को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया।
वैक्सीनेशन पूर्वाभ्यास में मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने जिला अस्पताल में वैक्सीनेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने जिला अस्पताल में बने पांचों वैक्सीनेशन केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होनें जिला प्रतिरक्षण कार्यालय, कोल्ड चेन का भी जायजा लिया। वहीं, वैक्सीनेशन के दौरान स्थल पर तैनात वैक्सीनेटरों से वैक्सीन संबंधित जानकारी भी ली।
डीजी हेल्थ डा. राकेश दुबे ने जानी रोहिलखंड मेडिकल कालेज की तैयारियां
वैक्सीनेशन पूर्वाभ्यास के लिए रोहिलखंड मेडिकल कालेज को वैक्सीनेशन केंद्र बनाया गया। मेडिकल कालेज में 15 सेशनों में स्वास्थ्यकर्मियों का डमी वैक्सीनेशन हुआ। वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास का निरीक्षण डीजी हेल्थ डा. राकेश दुबे ने किया। जहां व्यवस्थाओं के अनुरूप वैक्सीनेशन की तैयारियों को किया गया था। डीजी हेल्थ डा. राकेश दुबे ने स्टाफ से वैक्सीनेशन के समय स्वास्थ्यकर्मी को कोविड वैक्सीन संबंधित बातों को पूछा।
करे जरुरी सुधार ताकि वैक्सीनेशन का हो बेकार
कोविड पूर्वाभ्यास के दूसरे चरण में खामियां भी देखने को मिली। जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा फीड करने वाला कोविन एप इंटरनेट की समस्या से ठीक से चल न पाया। जिससे वैरिफायर को स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा फीड करने में समस्या आई। वही, वैक्सीनेशन केंद्रों पर बॉयोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की जगह में अव्यवस्थाएं देखने को मिली। वहीं, स्टाफ को सही से जानकारी नहीं थी, जिससे कई केंद्रों पर वैक्सीनेशन व्यवस्थाओं के अनुरूप न हो सका।
13 जनवरी को पुन: होगा प्रशिक्षण
वैक्सीनेशन पूर्वाभ्यास से पहले से वैक्सीनेटरों एवं वैरिफायरों का प्रशिक्षण स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया। लेकिन पूर्वाभ्यास में ये प्रशिक्षण वैक्सीनेटरों, वैरिफायरों के काम नहीं आया। सोमवार को कई केंद्रों पर पूर्वाभ्यास के दौरान वैक्सीनेटरों को वैक्सीन लगने वाले स्वास्थ्यकमियों को क्या बोलना है, नहीं पता। इसके लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को एक बार पुन: सभी को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आधार वैरिफेकशन हुआ आवश्यक
वैक्सीनेशन केंद्रों पर शासन के आदेश पर वैक्सीन लगने वाले स्वास्थ्यकर्मियो को आधार ले जाने को लेकर आदेश जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार वैरिफायर को पता वैरिफाई करने में आसानी हो इसलिए ये निर्देश दिए गए।
