बरेली: पुलिस को चकमा देकर गाजीपुर बार्डर पर किसान आंदोलन में पहुंचे सपाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के समर्थन में मंगलवार को पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार की अगुवाई में सपा नेता बड़ी संख्या में किसानों के साथ बरेली और रामपुर बार्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे और किसानों के साथ धरने पर बैठे। किसानों के लिए जरूरी एक …

अमृत विचार, बरेली। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के समर्थन में मंगलवार को पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार की अगुवाई में सपा नेता बड़ी संख्या में किसानों के साथ बरेली और रामपुर बार्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे और किसानों के साथ धरने पर बैठे।

किसानों के लिए जरूरी एक ट्रक राशन एवं अन्य सामग्री देकर किसान नेता वीएम सिंह से वार्ता कर आंदोलन में समर्थन करने का भरोसा किया। इस दौरान उन्होंने सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की।

सोमवार देर रात 3 बजे राशन का ट्रक रवाना किया गया। इसके कुछ समय बाद ही पूर्व मंत्री की अगुवाई में बड़ी संख्या में सपा नेता दिल्ली कूच कर गए। भोजीपुरा से सपा नेता मनोहर सिंह पटेल, मीरगंज विधानसभा क्षेत्र से शीशगढ़ चेयरमैन हाजी गुड्डू के साथ किसान नेता हरभजन सिंह, अंग्रेज सिंह, अमरेन्‍द्र सिंह, तफसीर अहमद, अजहरुद्दीन समेत तमाम लोग गाजीपुर बार्डर पहुंचे।

रामपुर से कई सपा नेता बरेली के कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़े। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे बार्डर पर पहुंचे सपा नेताओं ने आंदोलनकारियों के हवाले राशन भर ट्रक सौंपा। यहां बॉर्डर पर मौजूद किसान नेता तेजेंदर सिंह ने सपा नेताओं का स्वागत किया और उन्हें धरना स्थल पर लेकर गए।

आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे भगवत सरन गंगवार ने कहा कि सपा हमेशा ही किसानों के साथ रही है। राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के लिए जितना काम किया, उतना किसी सरकार ने नहीं किया। गन्ने का जो आज दाम है, उनमें 70 फीसदी अकेले समाजवादी सरकार ने ही बढ़ाये हैं।

उन्होंने कहा कि लौटते वक्त किसी को परेशानी नहीं हुई। बार्डर पर आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में राशन दिया गया। उन्होंने यह भी बताया विधानसभा क्षेत्र में राशन जुटाने का कार्य जारी है। वर्तमान के हालात देखकर लगा रहा है किसानों का आंदोलन लंबा चलने के आसार है।

आंदोलन कर रहे किसानों के लिए सेथल चेयरमैन कमर एजाज शानू ने आटे की बोरियों को खुद सिर से ढोकर किसानों तक पहुंचाया। पार्टी के पूर्व प्रवक्‍ता डॉ. योगेश यादव, मनोहर पटेल, पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग ने भी विचार व्यक्त किए।

इस दौरान जिला उपाध्‍यक्ष प्रमोद बिष्‍ट, पूर्व जिला महासचिव प्रदीप मौर्या, महानगर महासचिव गौरव सक्‍सेना, सूरज यादव, बरेली कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्‍यक्ष भूपेन्‍द्र कुर्मी, पार्टी नेता अय़ूब हसन, पूर्व प्रवक्‍ता संजीव यादव, हैदर अली, विशाल सागर, मुदित प्रताप सिंह, हरीशंकर यादव, बीडी वर्मा, टीटू प्रधान, लल्ला गद्दी, लकी, गोपा, हम्माद नवी आदि नेता रवाना हुए।

संबंधित समाचार