शाहजहांपुर: बीमा एजेंट की संदिग्ध हालात में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव गोरा रायपुर में बुधवार रात बीमा एजेंट की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव गुरूवार सुबह घर से 50 मीटर दूर गली में पड़ा मिला। पुलिस को मौके से हीटर का तार मिला है। वहीं मृतक के गले में निशान मिले हैं। इससे हत्या का …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव गोरा रायपुर में बुधवार रात बीमा एजेंट की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव गुरूवार सुबह घर से 50 मीटर दूर गली में पड़ा मिला। पुलिस को मौके से हीटर का तार मिला है। वहीं मृतक के गले में निशान मिले हैं। इससे हत्या का शक गहरा रहा है। हालांकि परिजन इस पर चुप हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। डॉग स्क्वायड को भी मौके पर लाया गया लेकिन उससे कोई खास सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

गांव गोरा रायपुर निवासी 45 वर्षीय संजीव दीक्षित उर्फ दिलीप भारतीय जीवन बीमा निगम में बतौर एजेंट काम करते थे। बुधवार शाम करीब तीन बजे वह यह कह कर घर से निकले थे कि गांव में ही लगने वाली बाजार से सब्जी लेने जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। देर रात तक नहीं लौटे तो उनकी तलाश की गांव में उनसे से भी पूछताछ की, जिनके साथ संजीव का उठना-बैठना था। इसके बाद भी उसका कोई पता नहीं मिला। थक हारकर घर वाले सो गए।

गुरूवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि संजीव का शव गली में पड़ा है। इतना सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर जगनारायण पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से हीटर का तार भी मिला है, गले में निशान मिलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी तार से संजीव की गला कसकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।

कई घरों में गया डॉग स्क्वॉयड
मृतक संजीव की चप्पल सूंघने के बाद खोजी कुत्ता पास में ही एक मकान में घुस गया और यहां से निकलकर उस बस्ती में पहुंचा, जहां कुछ लोग कच्ची शराब निकालने का काम करते हैं। खोजी कुत्ता यहां भी दो तीन घरों में गया और लौटकर घटना स्थल पर आ गया। पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा।

18 वर्ष पहले छोटे भाई का कर दिया गया था मर्डर
संजीव के छोटे भाई राजीव की 18 वर्ष पहले मूड़ा हारिस में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चार लोगों को नामजद कराया गया था। उसकी तैनाती होमगार्ड में थी। वह शाहजहांपुर से ड्यूटी करके लौट रहा था, शाम करीब सात बजे उसकी गोली मूड़ा हारिस के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब मौजूदा समय में संजीव के दो भाई हैं, जिनमें सबसे बड़े हरिशंकर और सबसे छोटे सतीश चंद्र हैं।

“मृतक के गले में हल्का निशान दिख रहा है और पीठ पर भी निशान मिले हैं, लेकिन इन निशानों से हत्या जैसी बात में संदेह लग रहा है। अभी मामला संदिग्ध है। परिवार वालों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है, सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।” -जगनारायण पांडेय, थानाध्यक्ष सिंधौली

संबंधित समाचार