बरेली: फर्जी नहीं थी एमबीबीएस परीक्षा टलने की सूचना, विश्वविद्यालय ने की पुष्टि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। एमबीबीएस परीक्षा टलने की जिस सूचना को एक सप्ताह पहले विश्वविद्यालय फर्जी बता रहा था अब उस पर मुहर लगा दी है। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण और बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के पत्र का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय ने अग्रिम आदेशों तक परीक्षा न कराने की सूचना जारी कर …

बरेली,अमृत विचार। एमबीबीएस परीक्षा टलने की जिस सूचना को एक सप्ताह पहले विश्वविद्यालय फर्जी बता रहा था अब उस पर मुहर लगा दी है। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण और बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के पत्र का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय ने अग्रिम आदेशों तक परीक्षा न कराने की सूचना जारी कर दी है। एमबीबीएस की परीक्षा 15 जनवरी से शुरू होने वाली थी। बताया जा रहा है कि बदायूं के छात्रों की तैयारी न होने की वजह से परीक्षा टाली गई है।

विश्वविद्यालय ने 6 जनवरी को एमबीबीएस प्रथम प्रोफेशनल मुख्य और द्वितीय प्रोफेशनल पूरक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया था। परीक्षा 15 से 22 जनवरी तक होनी थी। परीक्षा केंद्र भी निर्धारित कर दिए गए थे। विश्वविद्यालय ने बरेली के मेडिकल कॉलेजों की महाराजा अग्रसेन डिग्री कॉलेज और बदायूं के राजकीय मेडिकल की परीक्षा का स्वकेंद्र बनाया था। बदायूं के कॉलेज का केंद्र भी पहले दूसरी जगह था जिसे बदला गया था।

7 जनवरी की सुबह एक पत्र वायरल हुआ था जिसमें लिखा था कि 15 जनवरी से होने वाली एमबीबीएस प्रथम प्रोफेशनल की लिखित परीक्षाएं अग्रिम आदेशों तक स्थगित की जाती हैं। विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक ने इस पत्र को फर्जी बताया था क्योंकि इसमें ढेर सारी गलतियां थीं। बताया जा रहा था कि यह पत्र भी बदायूं से ही किसी ने वायरल किया था। अब बदायूं के ही राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के तहत परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। परीक्षा का अलग से कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि चिकित्सा विभाग के निर्देश थे कि परीक्षाएं फरवरी माह तक करायी जाएं जबकि विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं जनवरी में की समाप्त कराने की तैयारी की। इसी को आधार बनाते हुए कोरोना की वजह से छात्रों द्वारा परीक्षा की तैयारियां न होने का हवाला देकर परीक्षा टालने की मांग की थी।

संबंधित समाचार