हरदोई: बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में बोले महाधिवक्ता- ‘बार को राजनीतिक मंच न बनने दें’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। बार एसोसिएशन का वार्षिकोत्सव एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को अधिवक्ता संघ प्रांगण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महाधिवक्ता उत्तर प्रदेश, राघवेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सह अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल, जिला जज …

हरदोई। बार एसोसिएशन का वार्षिकोत्सव एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को अधिवक्ता संघ प्रांगण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महाधिवक्ता उत्तर प्रदेश, राघवेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सह अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल, जिला जज राघवेंद्र, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स व नगरपालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बार एसोसिएशन की वार्षिक आख्या व नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथग्रहण से हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए महाधिवक्ता राघवेंद्र सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय, समाज में किसी भी तरह की समस्या आने पर आगे बढ़ कर नेतृत्व करता है और यह उसका दायित्व भी है। हालांकि उन्होंने बार को राजनीतिक मंच न बनने देने का भी आग्रह किया।

बार काउंसिल के सह अध्यक्ष अटल ने अधिवक्ताओं के ऐतिहासिक योगदान के उल्लेख के साथ उन्हें समाज के प्रति दायित्व निर्वहन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बार काउंसिल में हो रहे सुधारों से भी अवगत कराया। जिला जज राघवेंद्र ने कहा कि परस्पर समन्वय होने पर ही हम वादकारी व पीड़ितों को न्याय दिला सकते हैं। जिलाधिकारी ने पीड़ितों को न्याय दिलाने में अधिवक्ता समुदाय की भूमिका की सराहना की। पुलिस अधीक्षक वत्स ने आश्वस्त किया कि वे और उनका विभाग जनता के हित में अधिवक्ताओं से सामंजस्य बना कर कार्य करेंगे।

नगरपालिका अध्यक्ष मधुर ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना सभी का कर्तव्य है। बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कर्मवीर सिंह चौहान ने अपने ओजस्वी सम्बोधन में क्रांतिकारी परिवर्तन के संकेत दिए और सभी को धन्यवाद दिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी ने भी सभी अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद अशोक रावत ने संक्षिप्त सम्बोधन में अपनी निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए हर सहयोग देने की बात कही। इससे पूर्व सभी अतिथियों को माल्यार्पण व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता उदयवीर सिंह भदौरिया ने किया। जबकि निवर्तमान अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने सभी आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संबंधित समाचार