‘तांडव’ के निर्माता-निर्देशक समेत पांच पर एफआईआर, मायावती ने की ये मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। वेब सीरीज ‘तांडव’ के सीन आदि के जरिए लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में इसके निर्माता-निर्देशक, लेखक और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बसपा प्रमुख मायावती ने भी ‘तांडव’ से आपत्तिजनक दृश्यों को हटाये जाने की बात कही है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) …

लखनऊ। वेब सीरीज ‘तांडव’ के सीन आदि के जरिए लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में इसके निर्माता-निर्देशक, लेखक और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बसपा प्रमुख मायावती ने भी ‘तांडव’ से आपत्तिजनक दृश्यों को हटाये जाने की बात कही है।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) सोमेन वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सोमवार को चार पुलिस अधिकारियों की टीम मामले की जांच के लिये मुंबई रवाना हो गयी है। यह टीम मुंबई जाकर मामले की गहन जांच पड़ताल करेगी। उन्होंने बताया कि यह प्राथमिकी हजरतगंज के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव ने स्वयं दर्ज कराई है। उन्होंने इस वेब सीरीज में कुछ आपत्तिजनक देखा उसके बाद उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंडिया ओरिजिनल कंटेंट (अमेजन) की प्रमुख अपर्णा पुरोहित, निर्देशक अली अब्बास जफर, प्रोड्यूसर हिमांशु कृष्ण मेहरा, लेखक गौरव सोलंकी और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने सोमवार को ट्वीट किया, ”’ताण्डव’ वेब सीरीज में धार्मिक व जातीय भावना को आहत करने वाले कुछ दृश्यों को लेकर विरोध दर्ज किए जा रहे हैं। इसमें जो भी आपत्तिजनक है उन्हें हटा दिया जाना उचित होगा ताकि देश में कहीं भी शान्ति, सौहार्द व आपसी भाईचारे का वातावरण खराब न हो।

हजरतगंज के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर 16 जनवरी को रिलीज हुए ‘तांडव’ को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जतायी है। थाने में रविवार रात दर्ज प्राथमिकी में कहा गया कि वेब सीरीज के पहले एपिसोड में हिंदू देवी-देवताओं का गलत चित्रण किया गया है। जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसमें अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल भी किया गया है, जिससे लोगों में काफी आक्रोश है।

संबंधित समाचार