राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण कर बोले बाइडन- ‘लोकतंत्र की जीत हुई’, पीएम मोदी ने दी बधाई
वाशिंगटन। जो बाइडन ने बुधवार को एक ऐतिहासिक समारोह में अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों को रोकने के लिए कैपिटल बिल्डिंग (संसद भवन) के आसपास हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। डेमोक्रेटिक …
वाशिंगटन। जो बाइडन ने बुधवार को एक ऐतिहासिक समारोह में अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों को रोकने के लिए कैपिटल बिल्डिंग (संसद भवन) के आसपास हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए।
डेमोक्रेटिक नेता बाइडन (78) को प्रधान न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने कैपिटल बिल्डिंग के ‘वेस्ट फ्रंट’ में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस बार समारोह में कम लोगों को आमंत्रित किया गया है और नेशनल गार्ड के 25,000 से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात हैं। इससे पहले भारतीय मूल की कमला हैरिस ने अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। हैरिस (56) अमेरिका की 49वीं उपराष्ट्रपति हैं।
पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई
जो बाइडन के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने पर पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में पद ग्रहण करने पर जो बाइडन को मेरी हार्दिक बधाई। मैं भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए उनके साथ काम करने को इच्छुक हूं।
मोदी के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बाइडन और कमला हैरिस को भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”लोकतंत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत के लिए अमेरिका को बधाई। राष्ट्रपति बाइडेन और उपराष्ट्रपति हैरिस को शुभकामनाएं।”
शपथ ग्रहण कर बोले राष्ट्रपति बाइडन- यह लोकतंत्र का दिन
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को शपथ ग्रहण करने के बाद अपने पहले भाषण में कहा कि लोकतंत्र की जीत हुई है। उन्होंने कहा, ”आज का दिन अमेरिका का है। यह लोकतंत्र का दिन है। यह इतिहास और आशा का दिन है।”
बाइडन ने कहा, ”आज हम एक उम्मीदवार की जीत का नहीं, बल्कि एक उद्देश्य की, लोकतंत्र के उद्देश्य की जीत का उत्सव मना रहे हैं।” देश के नए राष्ट्रपति ने कहा, ”जनता की इच्छाओं को सुना और समझा गया है।” उन्होंने कहा, ”श्वेतों को श्रेष्ठ मानने की मानसिकता, घरेलू आतंकवाद को हराएंगे। मैं चाहता हूं कि प्रत्येक अमेरिकी हमारी इस लड़ाई में शामिल हो।”
