बरेली: कूड़ा डालने के विवाद में पीट-पीटकर मार डाला
अमृत विचार, शाही(बरेली)। नाली में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को लाठी डंडों से जमकर पीटा। इसके बाद युवक की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि देर रात तक पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घटना …
अमृत विचार, शाही(बरेली)। नाली में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को लाठी डंडों से जमकर पीटा। इसके बाद युवक की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि देर रात तक पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
घटना शाही थाना क्षेत्र के गांव बीथम की है। वहां के निवासी नईम शाह ने लईक अहमद के घर के सामने से गुजर रही नाली में कूड़ा डाल दिया। लईक ने इसका विरोध किया। नईम ने अपने परिवार के सदस्य शाहिद, शमशाद, इरशाद की मदद से लईक को लाठी डंडे से जमकर पीटा। इसमें लईक घायल हो गए तो आरोपी चले गए।
इसके बाद जब लईक के घरवाले उसे बाइक से अस्पताल ले जा रहे थे तब हमलावरों ने दोबारा लाठी डंडे बरसा दिए और फरार हो गए। कुछ देर बाद लईक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस ने दो टीमें बनाई है। पुलिस का कहना है कि देर शाम तक मृतक के परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दो और लोगों की भी हुई हत्या
भोजीपुरा में गांव मांडा में जाग नलाल मंगलवार को लापता हो गए। जागन लाल का शव आज उन्हीं के खेत में मिला। उनके गले में मफलर से फंदा कसा हुआ था। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, भुता के खरदाह इलाके गजनेरा में रंजिश को लेकर मेडिकल संचालक विनोद कुमार के सीने में गांव के लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
