शाहजहांपुर: अनियंत्रित ट्रक पलटा, ठेकेदार की दबकर मौत
अल्हागंज/शाहजहांपुर, अमृत विचार। फर्रूखाबाद-कानपुर स्टेट हाईवे पर अचानक चालक को नींद का झोंका आने से अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसकी चपेट में आकर सड़क किनारे खड़े ठेकेदार की दबकर मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया। क्षेत्र के गांव ततियारी निवासी दलपत (40) क्षेत्र में एक राइस मिल में लेबरों की ठेकेदारी करते …
अल्हागंज/शाहजहांपुर, अमृत विचार। फर्रूखाबाद-कानपुर स्टेट हाईवे पर अचानक चालक को नींद का झोंका आने से अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसकी चपेट में आकर सड़क किनारे खड़े ठेकेदार की दबकर मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया।
क्षेत्र के गांव ततियारी निवासी दलपत (40) क्षेत्र में एक राइस मिल में लेबरों की ठेकेदारी करते थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे कस्बा से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर समापुर मोड़ से धान मिल के लिए लेबर लेने गए थे। वह मोड़ के पास गांव साहिबगंज निवासी कालीचरण व समापुर मोड़ निवासी नरसिंह से सड़क किनारे बाइक खड़ी करके बात कर रहे थे। तभी फर्रूखाबाद की तरफ से आ रहे हरी मटर से लदे ट्रक के चालक को झपकी आ गई। जिससे ट्रक सड़क के नीचे उतरकर पलट गया।
ट्रक को देखकर तीनों लोगों ने भागने का प्रयास किया लेकिन दलपत और कालीचरण ट्रक के पिछले हिस्से की चपेट में आ गए। जबकि नरसिंह बाल-बाल बच गया। दलपत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कालीचरण गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दपलत के परिजन मौके पर पहुंच गए। उनका शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
फुटपाथ नहीं होने की वजह से होते हैं हादसे
समापुर मोड़ पर सड़क से फुटपाथ नहीं है। मोड़ पर सड़क पर उतरने पर वाहन अनियंत्रित होकर अक्सर पलट जाते हैं। इस स्थान पर कई हादसे हो चुके हैं। क्षेत्र के लोगों ने इसकी शिकायत भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मोड़ पर दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है।
पति की मौत से बदहवास हुई पत्नी
दलतप की मौत से उसकी पत्नी सलोनी बदहवास हो गई हैं। दलपत के चार बच्चे है जिसमें सबसे बड़े बेटा लालू, उससे छोटी बेटी सलोनी, चांदनी व अंकित है। मुखिया की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
