अयोध्या: खत्म होगा भक्तों का इंतजार, मंदिर बनेगा शानदार, नींव निर्माण का काम शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्देश पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से राम मंदिर निर्माण में सहयोग हासिल करने के लिए चलाए जा रहे निधि समर्पण अभियान के बीच गुरुवार को नारियल फोड़ नींव की खुदाई के कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया। इसके पूर्व राम मंदिर निर्माण समिति …

अयोध्या, अमृत विचार। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्देश पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से राम मंदिर निर्माण में सहयोग हासिल करने के लिए चलाए जा रहे निधि समर्पण अभियान के बीच गुरुवार को नारियल फोड़ नींव की खुदाई के कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

इसके पूर्व राम मंदिर निर्माण समिति के पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य को लेकर चल रही तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। वही आगे की कार्य योजना के लिए ट्रस्ट समिति ने मंत्रणा का दौर शुरू कर दिया है। सर्किट हाउस में दूसरी पहर पहले दौर की बैठक हुई है।

मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्देश पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से देशव्यापी माघी पूर्णिमा तक 42 दिनों तक चलने वाला निधि समर्पण अभियान शुरू किया गया है। सुप्रीम फैसले को 1 साल से ज्यादा समय व्यतीत होने के बावजूद कार्यदाई संस्था तथा देश के जाने-माने विशेषज्ञ अभी निर्माण की शुरुआत के लिए तकनीकी डिजाइन को फाइनल नहीं कर पाए हैं।

निधि समर्पण अभियान के बीच बुधवार को राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा अयोध्या पहुंचे हैं और दर्शन पूजन के बाद गुरुवार को उन्होंने निर्माण समिति के पदाधिकारियों के साथ राम जन्मभूमि परिसर का जायजा लिया।

परामर्श दात्री संस्था टाटा इंजीनियर कंसलटेंसी तथा 8 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति  के सुझाव पर कार्यदाई संस्था लार्सन एंड टूब्रो की टीम की ओर से नींव की खुदाई के लिए किए गए चिन्हांकन को देखा और  कार्यदाई संस्था के विशेषज्ञों से जानकारी हासिल करने के बाद नारियल फोड़ नींव के खुदाई के कार्य का औपचारिक शुभारंभ कराया। इसके बाद परिसर का जायजा लेकर वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था देखी और इस बाबत जानकारी ली।

बैठक में दिखा प्रस्तावित सुरक्षा व्यवस्था का प्रेजेंटेशन
सर्किट हाउस में अधिकारियों, इंजीनियरों और मंदिर के वास्तुकार के साथ अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की और आगे की कार्य योजना पर मंत्रणा किया। पहले दिन की बैठक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था पर रहा। इसको लेकर वर्तमान में सुरक्षा व्यवस्था की निर्माण समिति पदाधिकारियों ने जानकारी ली और मंदिर निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार की ओर से प्रस्तुत किए गए प्रेजेंटेशन को देखा। इस मौके पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, सदस्य डॉ अनिल मिश्रा, राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, डीआईजी एसएसपी दीपक कुमार, ट्रस्ट के पदेन सदस्य व जिला अधिकारी अनुज कुमार झा, राम मंदिर के वास्तुकार आशीष सोनपुरा तथा कार्यदाई संस्था लार्सन एंड टूब्रो और परामर्श दात्री संस्था टाटा इंजीनियर कंसलटेंसी के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

संबंधित समाचार