बरेली: लोकतंत्र बचाने के बहाने जीत का मंत्र दे गए अखिलेश

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। हम समाजवादी आबादी में सबसे ज्यादा हैं। अगर हर बूथ पर अपना 90 प्रतिशत वोट डालने में कामयाब हुए तो 2022 में हमारी सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। मन में यह गांठ बांध लें कि आगामी चुनाव लोकतंत्र को बचाने का आखिरी चुनाव है। इसमें जीत होगी तो निश्चित ही …

अमृत विचार, बरेली। हम समाजवादी आबादी में सबसे ज्यादा हैं। अगर हर बूथ पर अपना 90 प्रतिशत वोट डालने में कामयाब हुए तो 2022 में हमारी सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। मन में यह गांठ बांध लें कि आगामी चुनाव लोकतंत्र को बचाने का आखिरी चुनाव है। इसमें जीत होगी तो निश्चित ही लोकतंत्र बच जाएगा। यह बातें शुक्रवार को सपा की मंडलीय कार्यशाला में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी गणित समझाने के साथ योगी सरकार पर भी निशाना साधा।

हवेली लॉन में आयोजित सपा की तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा सियासी परिवेश में काफी बदलाव हुए हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयार होना पड़ेगा। समाजवादियों को यह बात ध्‍यान रखनी होगी उनका मुकाबला सिर्फ सरकार और भाजपा से नहीं, बल्‍क‍ि ऐसी ताकतों से है जो हर काम झूठ से करती हैं। आबादी में हम ज्‍यादा हैं। अब किसान ही नहीं हर वर्ग सपा के साथ हैं।

प्रदेश भर में हो रहे कार्यकर्ता सम्मेलन इसके गवाह हैं। उन्होंने पार्टी की खातिर 61 दिन जेल रहने वाली प्रयागराज विवि की छात्र नेता नेहा यादव की तारीफ भी की। बोले-मुख्यमंत्री को सिर्फ दो काम हैं, दिया जलाना और घंटा बजाना। बीच में लैपटॉप लेकर मॉडल नजर आने को सामने आए थे लेकिन बाबा जी की वेशभूषा सूट नहीं की। बोले, साधु संतों का तो हम वैसे ही सम्मान करते हैं चाहे वह किसी रूप में आएं।

समीकरण बनाने का दिया मंत्र तो बदहाल सड़कों पर घेरा
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा जिला प्रशासन व उनकी पार्टी के जनप्रतिनिधियों पर भी तंज कसा। शहर की सड़कों और पुल की बदहाली पर कहा कि सपा शासनकाल में नौ महीने में 8 लेन का ब्रिज तैयार करा दिया। लेकिन एनएचएआई आज तक एक पुल नहीं बना पाई। 2022 में सरकार बनने पर प्रदेश में एक्सप्रेस वे और बड़ी मंडिया बनाने की बात कही। कार्यकर्ताओं से सभी सीटें जीतने के लिए समीकरण बनाने की बात कही। कहा किसान हो या अन्य जाति वर्ग सभी हमारे साथ हैं।

सरकार और पुलिस से न डरे, सपा देगी सम्मान
अखिलेश यादव ने कहा योगी सरकार में जानबूझकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमें लिखाए गए हैं। पार्टी से जुड़े हर व्यक्ति के साथ क्या हो रहा सब जानकारी है। कार्यकर्ताओं का उत्‍साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार और पुलिस से डरने की जरूरत नहीं। जो एक बार जेल गया, उसे फिर जेल का डर नहीं रहता। भाजपा जैसा अभी कर रही है, वैसा हम भी सत्ता में आकर करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि धरती पर सबसे बदलने वाले अगर कोई है तो वह देश की पुलिस। यही पुलिस आज आप सबको परेशान कर रही है, कल हमारी सरकार बनने पर आपका सम्‍मान भी करती नजर आएगी।

अंधेर नगरी और चौपट राजा, जिस किसी को देखना है यूपी आजा
भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा भाजपा वाले तो अपने नेता के लिए कुछ नहीं कर सकते। नेताजी मुलायम सिंह यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया के नाम पर लखनऊ में शानदार पार्क बनाया। हम सत्‍ता में आए तो छोटे लोहिया के नाम पर 400 एकड़ में बेहतरीन पार्क बनवाया। वहीं भाजपा ने हमारे बनाए लोकभवन के सामने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा लगवा दी, जिनका हम भी बहुत सम्‍मान करते हैं। सत्‍ता में आएंगे तो उस जगह को और बेहतर करेंगे। कहा कि अंधेर नगरी और चौपट राजा, दिन में जुर्म और रात में गांजा, जिसे देखना है तो यूपी आ जा।

जिलाध्यक्ष के घर भी पहुंचे अखिलेश
कार्यशाला से निकलने के बाद अखिलेश यादव पार्टी के जिलाध्यक्ष अगम मौर्या के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। इसके साथ ही जल्द फिर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच आने की बात कही। यहां जिलाध्यक्ष के अलावा सतेंद्र यादव, रविन्द्र यादव, कैप्टन अर्जुन, अतुल पाराशरी, हरजीत सिंह, अमन मौर्य आदि मैजूद रहे।

कलीमुद्दीन और डा. अनीस का कद बढ़ा गए अखिलेश
पीलीभीत रोड स्थित रेडिसन होटल में रुके अखिलेश यादव से मिलने शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा था, लेकिन 10 बजे से पहले किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। इन सबके बीच अचानक सुबह करीब 9 बजे हाल ही में शहर व कैंट विधानसभा से दावेदारी करने वाले कलीमुद्दीन के साथ सपा पार्षद शमीम अहमद व वसीम चौधरी को प्रवेश दिए जाने पर चर्चाएं तेज रहीं। इसी तरह मंडलीय कार्यशाला में सपा में चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डा. अनीस बेग की अखिलेश यादव से नजदीकियों पर सबकी निगाहें टिकी थीं। पूर्व मुख्यमंत्री के जाने से पहले दोनों को अलग से समय देने पर सपा नेताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

‘देखते रहना…रामपुर में और भी आलीशान यूनिवर्स‍िटी बनवाएंगे’
अखिलेश यादव ने कहा रामपुर में आजम खां उनकी पत्‍नी और बेटे पर भाजपा सरकार में बहुत जुल्‍म किए हैं। पद का दुरुपयोग जरूरत से ज्यादा किया गया। हमें देश की न्‍याय व्‍यवस्‍था पर पूरा भरोसा है। आजम खां की पत्नी तंजीन फातिमा छूट गई हैं। उनके बेटे भी जल्‍द जेल से छूटकर बाहर आएंगे। इसके बाद देखते रहना, रामपुर में और भी आलीशान यूनिवर्स‍िटी बनवाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री आजम खां ने पीढ़ियों की पढ़ाई का सपना देख रामपुर में शानदार यूनिवर्सिटी बनवाई। मगर भाजपा को यह रास नहीं आई। भाजपा सरकार से यह हिसाब समाजवादी सरकार बनने पर करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जैसा आप करोगे, वैसा आगे हम करके दिखाएंगे। तब जाकर हिसाब बराबर होगा। अखिलेश ने कहा कि इस सरकार में अधिकार काम करना नहीं सिर्फ काम बिगाड़ना जानते हैं। कहा कि ऐसी कौन सी जगह होगी, जहां जमीन के विवाद न हों। पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार से मुखातिब होकर कहा ये लगातार कई बार विधायक और दो बार मंत्री रहे हैं। क्‍या आपके गांव के मकान का नक्‍शा पास है। सरकार ये भूल रही है नगर निगम बाद में आया, पहले मकान बने।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
बरेली के सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व मंत्री अताउर्रहमान, पूर्व विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व मेयर डा. आईएस तोमर, विजय पाल सिंह, देवेंद्र सिंह, बदायूं के जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव, विधायक ओमकार सिंह यादव, शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष तनवीर खां, एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, पीलीभीत के पूर्व मंत्री रियाज अहमद, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, बदायूं के पूर्व विधायक आशीष यादव, पूर्व विधायक पुत्तू सिंह यादव, शाहजहांपुर के पूर्व विधायक राजेश यादव, पूर्व एमएलसी संजय मिश्रा, पार्षद शमीम अहमद, डा. अनीस बेग, जिला प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी, शाहजहांपुर के महानगर अध्यक्ष कपिल वर्मा, विष्णु शर्मा, गौरव सक्सेना, मनोहर पटेल, पुरुषोत्तम गंगवार, हेमंत सिंह राणा, हाजी रियाज अहमद, असलम जावेद अंसारी, पीलीभीत के जिपं सदस्य रियाज खां, अदील मलिक, ओमकार यादव, महेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार